नेता प्रतिपक्ष मुद्दे पर पुनर्विचार करे सरकार : कांग्रेस
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 22-Aug-2014
कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि सरकार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को लेकर अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए, क्योंकि सर्वोच्च न्यायालय ने नरेंद्र मोदी सरकार से इस मुद्दे पर सवाल किया है। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, "नेता प्रतिपक्ष लोकतंत्र का एक अनिवार्य हिस्सा होता है..सर्वोच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और सरकार को अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए और लोकसभा अध्यक्ष को इस मामाले पर फिर से विचार करना चाहिए।"उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि सरकार विपक्ष को नहीं देखना चाहती।"सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार को यह बताने के लिए कहा कि आखिर लोकसभा में विपक्ष का नेता क्यों नहीं है। इस संबंध में एक याचिका दायर की गई थी।