कांगड़ी घाटी ग्रीष्मोत्सव 25 से 27 मई तक
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 17-Apr-2013
प्रदेश का प्रसिद्घ कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव इस वर्ष 25 मई से 27 मई, 2013 तक ऐतिहासिक पुलिस मैदान में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा जिसमें फिल्म जगत के मशहूर पार्श्व गायक, पंजाबी पॉप सिंगर के अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश के लोकगायकों को आमंत्रित किया जाएगा।यह जानकारी शहरी विकास एवं आवास मंत्री, श्री सुधीर शर्मा ने आज यहां बचत भवन में ग्रीष्मोत्सव के आयोजन हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी जिसमें समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। सुधीर शर्मा ने बताया कि इस ग्रीष्मोत्सव को दो साल के अंतराल के उपरांत पुन: आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव प्रदेश के प्रमुख मेलों में से एक है जिससे जहां जिला के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों, राज्यों के कार्यक्रमों के आयोजन से संस्कृति का अदान-प्रदान होता है, वहीं पर विभिन्न राज्यों से पर्यटक मैदानी क्षेत्रों की चिलचिलाती धूप से निजात पाने के लिए धर्मशाला, मैक्लोड़गंज आते हैं, उन्हें भी इस उत्सव के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ प्रदेश के समृद्घ संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
उन्होंने बताया कि इस उत्सव में प्रदेश एवं स्थानीय कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन का विशेष अवसर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उत्तरी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र तथा विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों एवं प्रदेश के प्रसिद्घ लोकगायकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्कूलों की भी इस उत्सव में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनियां भी स्थापित की जाएंगी। मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रदर्शनियों को देखने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें ताकि सरकार के कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। इसके अतिरिक्त उत्सव में डॉग शो, फ्लावर शो, बेबी शो इत्यादि विभिन्न प्रतियोगिताएं भी अयोजित की जाएंगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्सव को आकर्षक एवं चिरस्मरणीय बनाने के लिए अपने विभाग से संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करें ताकि कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव का आयोजन बेहतरीन ढंग से किया जा सके।इस अवसर पर उपायुक्त, श्री सी पालरासु ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए उत्सव के आयोजन के प्रबंधों बारे विस्तृत जानकारी दी।बैठक में एडीम राकेश शर्मा, अध्यक्ष नगर परिषद श्रीमती कमला पटियाल, एसडीएम श्री हरीश गज्जू, सहायक आयुक्त श्री संजीव सूद, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सुरेश पप्पी, पीसीसी सदस्य श्री दिग्विजय पुरी, महासचिव श्री जितेन्द्र शर्मा, नगर परिषद् के पार्षद, श्री राम स्वरूप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।