5 Dariya News

मुख्यमंत्री ने संकट मोचन मंदिर में पार्किंग स्थल की आधारशिला रखी

5 दरिया न्यूज

शिमला 14-Apr-2013

मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने शिमला में विख्यात धार्मिक स्थल, संकट मोचन मंदिर में आज पार्किंग स्थल, कीर्तन भवन, ध्यान केंद्र एवं प्रवेश द्वार की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बड़ी संख्या में लोग हर साल प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। सरकार उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिमला विख्यात पर्यटक स्थल के साथ-साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल के रूप में भी जाना जाता है। यहां के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यकरण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावी पग उठा रही है। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि संकट मोचन मंदिर में 80 लाख रुपये की लागत से पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाएगा, जहां लगभग 150 वाहनों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मंदिर आने वाले लोगों को उनके वाहनों की पार्किंग के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 75 लाख रुपये की लागत से यहां एक कीर्तन भवन का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें लगभग 250 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। 

उन्होंने 35 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर में निर्मित होने वाली पांच ‘ध्यान कुटिया’ का भी शिलान्यास किया। संकट मोचन में दो प्रवेश द्वारों का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें एक मुख्य प्रवेश स्थल तथा दूसरा द्वार मंदिर प्रवेश स्थल पर बनाया जाएगा। उन्होंने मंदिर परिसर में विभिन्न सुविधाएं सृजित करने के लिए मंदिर न्यास की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने संकट मोचन मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।उपायुक्त एवं संकट मोचन मंदिर न्यास के आयुक्त श्री दिनेश मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्री हर्ष महाजन, शिमला नगर निगम के महापौर श्री संजय चौहान एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। 

पूर्व विधायक श्री सोहन लाल एवं श्री शौंकिया राम, शिमला ग्रामीण कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।