5 Dariya News

बीरेंद्र सिंह ने अमित शाह के साथ मंच साझा किया

5 दरिया न्यूज

जींद(हरियाणा) 16-Aug-2014

कांग्रेस से निलंबित पार्टी के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हरियाणा में एक रैली के दौरान मंच साझा किया। इसके साथ ही बीरेंद्र का भाजपा में शामिल होना महज औपचारिकता भर रह गई है। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य रहे बीरेंद्र ने हरियाणा विधानसभा चुनाव से पूर्व हाल में दिल्ली में शाह से मुलाकात की। उन्हें हाल ही में सीडब्ल्यूसी से निकाल दिया गया था। बीरेंद्र पिछले दो सालों से कांग्रेस नेतृत्व से खिन्न थे और हरियाण के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की खुल कर आलोचना करते थे। विधानसभा चुनाव से पूर्व शक्ति प्रदर्शन के लिए बीरेंद्र ने शनिवार को हरियाणा निर्माण रैली आयोजित की। शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामबिलास शर्मा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने रैली में शिरकत की। 

लोकप्रिय किसान नेता सर छोटू राम के पोते बीरेंद्र राज्य के कद्दावर जाट नेता हैं। भाजपा में उनके शामिल होने से पार्टी का जाट समुदाय में प्रभाव बढ़ेगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पूर्व महासचिव सिंह हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के इच्छुक रहे हैं, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें इसका मौका नहीं दिया। 2013 में उनके संप्रग सरकार में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन उनका नाम आखिरी वक्त में हटा लिया गया। इसकी वजह हुड्डा खेमे का दबाव था। वह फिलहाल हरियाणा से राज्यसभा के सदस्य हैं। भाजपा में बीरेंद्र के शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि इसका पार्टी पर कोई असर नहीं होगा। तंवर ने कहा, "चुनाव से पूर्व कई लोग पार्टी छोड़ते हैं। भाजपा का हरियाणा में कोई आधार नहीं है। इसलिए वह ऐसे नेताओं का स्वागत कर रही है।"