5 Dariya News

सुजानपुर में किया जाएगा मिनी सचिवालय का निर्माण: श्री वीरभद्र सिंह

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

सुजानपुर 26-Mar-2013

मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुजानपुर में मिनी सचिवालय का शीघ्र निर्माण किया जाएगा जिससे लोगों को एक छत के नीचे विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों को निपटाने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री गत सायं सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुजानपुर के दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उटपुर और चौरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। इसके अतिरिक्त, टौणी देवी में पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी और यदि आवश्यक हुआ तो जिला प्रशासन की रिपोर्ट के पश्चात् सुजानपुर में एसडीएम कार्यालय आरम्भ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुजानपुर की होली न केवल राज्य में बल्कि पूरे उत्तर भारत में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि समृद्ध परम्पराओं का निर्वहन आज भी पूर्ववत किया जा रहा है। सुजानपुर की होली महाराजा संसार चंद के समय से मनाई जा रही है। महाराजा संसार चंद आम लोगों के साथ होली में भाग लिया करते थे।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुजानपुर के होली महोत्सव को ‘बृज’ की होली की तर्ज पर आयोजित कर इसे पारम्परिक त्यौहार के रूप में मनाने का श्रेय महाराजा संसार चंद को जाता है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के साथ-साथ यह त्यौहार क्षेत्र के लोगों की समृद्धि के साथ भी जुड़ा है। यह त्यौहार एकता, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियांे को प्रोत्साहित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध कांगड़ा चित्रकला महाराजा संसार चंद के समय में ही आरम्भ हुई और प्रसिद्ध हुई। कांगड़ा चित्रकला को विश्वभर में रंगों के समृद्ध प्रयोग के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कला, संस्कृति एवं लोक परम्पराओं के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए प्रयासरत है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे इस दिशा में प्रदेश के प्रयासों को सहयोग दें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी किया। इससे पूर्व, स्थानीय विधायक श्री राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सुजानपुर को नगर परिषद का दर्जा देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उपायुक्त एवं होली महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्री आशीष सिंगमार ने मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी। 

विधायक सर्वश्री इंद्रदत्त लखनपाल, संजय रतन एवं यादविन्द्र गोमा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुखविंद्र सिंह, हिमाचल प्रदेश खेल, संस्कृति एवं पर्यावरण संघ के अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह, राज्य पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, पूर्व विधायक सर्वश्री मंजीत डोगरा एवं कुलदीप पठानिया, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर श्री जे.आर. चौहान, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक श्री अनिल वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुनील बिट्टू, नगर परिषद के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।