हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष ने की केन्द्रीय परिवहन मंत्री से मुलाकात
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला 19-Mar-2013
हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने आज यहॉं केन्द्रीय परिवहन मंत्री श्री सी0पी0 जोशी से मुलाकात की तथा राज्य के जनजातीय, पिछड़े क्षेत्रों में परिवहन ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए 320 करोड़ रूपए की केन्द्रीय सहायता की मांग की । परिवहन उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया ने केन्द्रीय मंत्री को राज्य में परिवहन निगम के आधुनिकीकरण तथा विस्तार के लिए एक विस्तृत पायलट परियोजना सौंपी । उन्होंने राज्य के पिछड़ा, जनजातीय तथा दुर्गम क्षेत्रों में बस सेवाओं के विस्तार के लिए 105 करोड़ रूपए की केन्द्रीय सहायता की मांग की ताकि 700 नई बसें खरीदकर नए रूटों पर परिवहन सुविधाएं शुरू की जा सकें ।
उन्होंने राज्य सरकार को 30 सीट क्षमता की 500 मिनि बसें खरीदने के लिए 15 करोड़ रूपए की केन्द्रीय सहायता की मांग की तथा कहा कि राज्य सरकार ने इन बसों को 60 प्रतिशत लागत पर राज्य के बेरोजगार युवकों को प्रदान करने की योजना बनाई है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को परिवहन सुविधाएं प्रदान की जा सकें तथा स्थानीय युवकों को रोजगार के वैकल्पिक अवसर प्रदान किये जा सकें । उन्होंने राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में आधुनिक मशीनरी एवं उपकरण से सुसज्जित मैकेनिकल वर्कशाप खोलने के लिए 136 करोड़ रूपए की केन्द्रीय सहायता की मांग की । उन्होंने 17 सीट क्षमता के 500 नए टै्रक्स वाहन खरीदने के लिए 11 करोड़ रूपए की केन्द्रीय सहायता की मांग की तथा 500 नई महिन्द्रा पिकअप वैन खरीदने के लिए 8 करोड़ रूपए की केन्द्रीय सहायता की मांग की । केन्द्रीय मंत्री श्री सी0पी0जोशी ने कहा कि मंत्रालय शीघ्र ही राज्य तथा केन्द्रीय अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक करके राज्य में परिहवहन विकास की सभी परियोजनाओं को समयबद्घ रूप से कार्यन्वित करने के लिए विस्तृत चर्चा करेगा ।