5 Dariya News

कश्मीर : मंत्री के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ कर्मचारियों की हड़ताल

5 दरिया न्यूज

श्रीनगर 08-Aug-2014

राज्य के एक मंत्री द्वारा एक अधिकारी से कथितरूप से दुर्व्यवहार करने के विरोध में सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों व अभियंताओं ने कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हड़ताल कर दी। विभाग के मुख्य अभियंता मुजफ्फर अहमद लंकार ने गुरुवार को उपभोक्ता मामले व जनवितरण विभाग (सीएपीडी) के मंत्री मुहम्मद रमजान पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मंत्री ने मीडिया से गुरुवार को कहा कि उन्होंने मुख्य अभियंता से दुर्व्यवहार नहीं किया। वह तो बस उनसे उत्तरी कश्मीर के हंदवारा निर्वाचन क्षेत्र में नौ करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना के भविष्य की जानकारी मांग रहे थे। राज्य सरकार के कर्मचारियों की संयुक्त कार्य समिति ने भी हड़ताल का समर्थन किया और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अपने मंत्री पर कार्रवाई की मांग की। कार्यालय परिसर के बाहर शुक्रवार को इकट्ठा हुए कर्मचारियों ने सरकार और मंत्री के खिलाफ नारे लगाए। पीएचई संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष सज्जाद अहमद पैरे ने आईएएनएस से कहा कि शाम चार बजे के बाद कर्मचारियों की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर विचार होगा। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री ने माफी नहीं मांगी या सरकार ने मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं की, तो वे आगे के विरोध-प्रदर्शन की विस्तृत घोषणा करेंगे। पैरे ने कहा, "अधिकारी से मंत्री द्वारा दुर्व्यवहार के विरोध में कश्मीर घाटी में आज (शुक्रवार) सभी कार्यालय बंद रहे।"