5 Dariya News

हलोपा सरकार देगी पंजाब से बढ़कर वेतनमान : गोबिंद कांडा

5 दरिया न्यूज

सिरसा 05-Aug-2014

हरियाणा लोकहित पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा पुलिस के जवानों व अन्य सरकारी कर्मचारियों को पंजाब से अधिक वेतनमान दिया जाएगा। यह बात हलोपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा ने मंगलवार को जारी प्रैस विज्ञप्ति में कही। कांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अन्य वर्गों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों के साथ भारी भेदभाव किया है। इसी वजह से विभिन्न कर्मचारी संगठनों के बैनर तले कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों की जायज मांगों को भी पूरा नहीं किया गया है। उनकी मांगों पर सहानुभूति दर्शाने के बजाए हुड्डा सरकार ने कर्मचारियों पर अनेक बार लाठियां बरसाने का काम किया है। 

हलोपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा ने कहा कि हरियाणा पुलिस के जवानों के साथ भी वेतनमान के मामले में भारी भेदभाव बरता जा रहा है। पड़ोसी राज्य पंजाब में हरियाणा से अधिक वेतनमान दिया जा रहा है। जबकि हरियाणा पुलिस के जवान ड्यूटी समय के मामले में अन्य प्रदेशों की पुलिस से कहीं कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के वेतनमान में काफी वर्ष पहले ही सुधार किया जाना चाहिए था। मगर हुड्डा सरकार ने इस मामले में हठधर्मिता अपना रखी है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में हलोपा सरकार बनने पर पुलिस जवानों को पंजाब से बढ़कर वेतनमान दिया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी विभागों के कर्मचारियों की मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।