सहारनपुर घटना के दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा : अखिलेश यादव
5 दरिया न्यूज
लखनऊ 28-Jul-2014
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि राज्य सरकार सभी को न्याय व सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को अपने सरकारी आवास पर पंजाब विधान सभा के अध्यक्ष चरनजीत सिंह अटवाल से भेंट के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में विवादित भूमि के संबंध में न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना से प्रभावित लोगों को राज्य सरकार द्वारा समुचित मुआवजा दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि अचानक भड़की सांप्रदायिक हिंसा की घटना को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन व राज्य सरकार द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई। साथ ही, मुख्यमंत्री एवं पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष ने जनता से यह अपील की है कि अफवाहों पर भरोसा न करें, क्योंकि इससे स्थिति और ज्यादा खराब होगी।यादव व अटवाल ने प्रत्येक दशा में शांति और सौहार्द बनाए रखने पर बल दिया। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेंद्र चौधरी भी उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि सहारनपुर में हुई हिंसा के दौरान तीन लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।