5 Dariya News

भाजपा सांसद की ब्लैकमेलिंग पर भड़के हलोपा कार्यकर्ता

जूतों से की अश्वनी चोपड़ा के पुतले की पिटाई, बाद में किया आग के हवाले

5 दरिया न्यूज

सिरसा 23-Jul-2014

भारतीय जनता पार्टी के करनाल से सांसद अश्वनी चोपड़ा (मिन्ना) पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए हरियाणा लोकहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सुभाष चौक पर पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व हलोपा पिछड़ा वर्ग के प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष व युवा विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पार्षद अंग्रेज बठला ने किया। रोष प्रदर्शन में हलोपा महिला विंग की सैकड़ों कार्यकर्ता भी शामिल थी। हलोपा कार्यकर्ता आज सुबह सुभाष चौक पर एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवा नेता अंग्रेज बठला ने कहा कि भाजपा सांसद अश्वनी चोपड़ा पूरी तरह से ब्लैकमेलिंग पर उतर आए है। लोकसभा चुनावों के दौरान उन्होंने हलोपा नेताओं से करोड़ों रुपये की चंदे के रूप में मांग की थी। चंदा राशि न देने पर उन्होंने बिचौलियों के जरिए हलोपा नेताओं को धमकी भरे संदेश भिजवाए कि वे अब उनके खिलाफ अपने समाचार पत्र के जरिए बदनामी करेंगे। इस धमकी के बाद भाजपा सांसद ने अपने समाचार पत्र के माध्यम से हलोपा नेताओं के खिलाफ पिछले कई दिनों से झूठी, मनगढ़त, तथ्यहीन और मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले समाचारों का लगातार प्रकाशन किया है। 

उन्होंने कहा कि इस समाचार पत्र में छपी खबरों को पढ़कर आम आदमी भी यह जान व समझ सकता है कि उनकी मंशा क्या है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र की आड़ में सरासर ब्लैकमेलिंग का धंधा संचालित किया जा रहा है। जिसे हलोपा कार्यकर्ता कदापि बर्दाश्त नहीं कर सकते। हलोपा नेता अंग्रेज बठला ने कहा कि भाजपा नेताओं को चाहिए कि वे ऐसे भ्रष्ट, षड्यंत्रकारी, ब्लैकमेलर, औच्छी मानसिकता वाले व्यक्ति से पार्टी को बचाए। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से अश्वनी चोपड़ा को पार्टी से निलंबित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि चोपड़ा का ब्लैकमेलिंग का पुराना इतिहास रहा है। इससे पहले चोपड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला के खिलाफ भी इसी तरह की बातें प्रकाशित की थी। जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ मानहानि का केस अदालत में दायर किया हुआ है। 

वरिष्ठ हलोपा नेता कृष्ण सैनी ने कहा कि यह हैरानी की बात है कि आरएसएस के सिद्धांतों व विचारधारा के अपना जीवन अर्पित करने वाले स्व. मुरलीधर गोयल कांडा एडवोकेट के परिवार के विरुद्ध हाल ही में भाजपा में शामिल होकर सांसद बना एक व्यक्ति ब्लैकमेल कर रहा है। आरएसएस के सभी स्वयंसेवक जानते है कि मुरलीधर गोयल कांडा संघ के सच्चे सिपाही थे। वर्ष 1948 में जब आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया गया था, तब उन्होंने जेल काटी थी। वर्ष 1952 में संयुक्त पंजाब के समय उन्होंने पहला विधानसभा चुनाव जनसंघ पार्टी की टिकट पर ही लड़ा था। वर्ष 1956 के गौरक्षा आंदोलन के दौरान वे जेल गए। वर्ष 1977 में आपात्तकाल के विरोध में आरएसएस की विचारधारा को सर्वोपरि मानते उन्होंने आठ माह से अधिक जेल काटी। इसी दौरान उन्हें पीलिया हो गया और जेल प्रशासन को उन्हें रिहा करना पड़ा। परंतु जेल में बीमारी बढ़ जाने से उनकी अस्पताल में ईलाज के दौरान बीकानेर में मौत हो गई।

सैनी ने कहा कि मुरलीधर कांडा जीवनपर्यंत आरएसएस के जिला प्रमुख रहें और आज आरएसएस व भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से सांसद बने अश्वनी चोपड़ा उनके परिवार को ब्लैकमेल कर रहे है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही आरएसएस व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर चोपड़ा के काले कारनामों की पोल खोलेंगे तथा उन्हें पार्टी से निकालने की भी मांग करेंगे। इस मौके पर आक्रोशित हलोपा कार्यकर्ताओं ने अश्वनी चोपड़ा के पुतले को जूते व चप्पलों से पीटा और आग के हवाले कर दिया। हलोपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब केसरी दिल्ली के स्थानीय पत्रकार दीपक शर्मा पुत्र रवि दिवाकर की ब्लैकमेलिंग से पहले ही शहर के लोग परेशान है। उन्होंने कहा कि दोनों पिता-पुत्र अनेक विभागों के डिफाल्टर है और दूसरों में कमियां ढूंढते फिरते है। इस अवसर पर हलोपा नेत्री शिल्पा वर्मा, रानी रंधावा, सरपंच रवि गोदारा, पार्षद राजेश खनगवाल, राजू लाडवाल, अनिल सोलंकी, श्याम भारती, नरेंद्र कटारिया, हैप्पी जिंदल, नसीब सिंह पूनियां, ओम डाबला, कृष्ण चेयरमैन, सुभाष चौधरी, विजय शर्मा, संजीव शर्मा, अनमोल मक्कड़ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।