5 Dariya News

फीफा विश्व कप : फाइनल मैच की खुमारी में डूबा कोलकाता

5 दरिया न्यूज

कोलकाता 13-Jul-2014

स्कूलों में सोमवार को बंद की घोषणा कर दी गई है, हर गली-चौराहे, बाजार में बड़ी-बड़ी स्क्रीनें लग चुकी हैं तथा देर रात की दावतें आयोजित की जा चुकी हैं, यह सब किसी पर्व-त्यौहार की नहीं बल्कि ब्राजील में चल रहे फीफा विश्व कप के रविवार को होने वाले फाइनल मैच की तैयारियां हैं। फुटबाल के दीवाने शहर कोलकाता में 15,000 किलोमीटर दूर रियो डी जनेरियो में अर्जेटीना और जर्मनी के बीच होने वाले इस मैच का उन्माद कई घंटे पहले से महसूस किया जाने लगा है।कोलकाता में मंत्रियों से लेकर दूसरे क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों और अधिकांश कोलकाता वासी अर्जेटीना और जर्मनी के समर्थकों के रूप में बंट चुके हैं, उनमें भी मेसी और मुलर के समर्थकों के बीच विशेष तौर पर प्रतिस्पर्धा है।

पूरे कोलकाता में जहां तहां घरों की छतों पर अर्जेटीना और जर्मनी के झंडे तथा मेसी और मूलर के विशाल कट-आउट्स सजे हुए हैं। हालांकि इसका अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल है कि किसके समर्थक ज्यादा हैं। कोलकाता के गारिया बारानगर और गांगुली बागान में जहां अर्जेटीना के अधिकतर समर्थक हैं, वहीं कुडघाट, जादवपुर और बांसद्रोनी जर्मनी के समर्थकों का बड़ा अड्डा है। यहां तक कि पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री मदन मित्रा भी एक विशेष टीम का समर्थन करते हैं। मित्रा ने बताया, "में देशप्रिया पार्क में अपने मित्रों के साथ विशाल स्क्रीन पर विश्व कप के फाइनल मैच का लुत्फ उठाउंगा। मैंने अपनी पसंददीदा टीम अर्जेटीना की जीत के लिए दक्षिणेश्वर, आद्यापीठ और कई दूसरे मंदिरों में पूजा की है।"

हास्य कलाकार मीर मजाकिया लहजे में कहते हैं, "अर्जेटीना की जीतने की स्थिति में ममता बनर्जी की सरकार सोमवार को छुट्टी की घोषणा कर दे तो आश्चर्य नहीं।"लेकिन फुटबाल राजनीति तक सीमित नहीं है। वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस और भाजपा नेता शौमिक भट्टाचार्य भी अर्जेटीना का ही समर्थन करते हैं। भट्टाचार्य मानते हैं कि जर्मनी जीत की प्रबल दावेदार है, बावजूद इसके वह कहते हैं, "मेरा दिल कहता है कि अर्जेटीना जीतेगी, लेकिन दिमाग कहता है जर्मनी।"कोलकाता में बच्चों से लेकर वयोवृद्ध फुटबाल प्रेमियों के लिए रविवार की आधी रात के बाद शुरू होने वाला यह मैच किसी त्यौहार से कम नहीं होगा।