5 Dariya News

हलोपा सरकार हटाएगी प्लॉटों की रजिस्ट्रीयों से प्रतिबंध : गोबिंद कांडा

व्यापारियों को देंगे सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं : कांडा

5 दरिया न्यूज

फतेहाबाद 12-Jul-2014

वंचित वर्ग को समाज में बराबर की भागीदारी और सम्मान दिलाना हलोपा का प्रमुख उद्देश्य है। हलोपा की जनहित की नीतियों के परिणामस्वरुप लाखों की संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। यह बात हरियाणा लोकहित पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा ने ग्रीन पार्क में पूर्व पार्षद रमेश धींगड़ा के आवास पर आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। कांडा ने पूर्व पार्षद रमेश धींगड़ा और पार्षद शकुंतला धींगड़ा द्वारा हलोपा में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि भाई गोपाल कांडा ने 'जन-जन का सम्मान और लोकहित में कामÓ की नीति अपनाकर हरियाणा की जनता को हलोपा के रूप में एक सार्थक राजनैतिक विकल्प दिया है। जिसकी सोच परिवारवाद, जातिवाद व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर लोकहित में काम करने की है। कांडा ने कहा कि आज प्रदेश का व्यापारी भय और आतंक के माहौल में रह रहा है। इंस्पेक्टरी राज और जटिल टैक्स प्रणाली से व्यापारी त्रस्त हैं। सत्ता में आने पर हलोपा व्यापारियों को सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी। अनेक क्षेत्रों में प्लॉटों की रजिस्ट्रीयों पर प्रतिबंध लगाने की प्रदेश सरकार की नीति की आलोचना करते हुए गोबिंद कांडा ने कहा कि भ्रष्टाचार की जननी इस नीति को बदल कर, जमीन-जायदाद बेचने और खरीदने की पूर्ण आजादी हलोपा ही प्रदान करेगी। गोबिंद ने कहा कि स्थानीय निकाय राज्यमंत्री रहते हुए भाई गोपाल ने ही सबसे पहले प्रदेश की सभी कॉलोनियों को वैध करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री श्री हुड्डा के समक्ष रखा था। परंतु सरकार ने चुनावों के समय अवैध कॉलानियों को नियमित करने की इस नीति को भी आधे-अधूरे मन से स्वीकार किया है। पूर्व पार्षद रमेश धींगड़ा ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि भाई गोपाल कांडा ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने मंत्री और विधायक पद पर रहते हुए जनता को लूटने की बजाए अपने नीजि कोष से जन कल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। इस अवसर पर प्रेम शर्मा, हरिश सतीजा, ज्ञानचंद गिल्होत्रा, राकेश धींगड़ा, कृष्ण कुमार, हंसराज कटारिया, वीरेंद्र कटारिया, देवराज, राजकुमार बंसल, श्यामलाल शर्मा, नरेश कुमार, मनीष, प्रदीप गुप्ता, राज मैहता सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।