अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष बने
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 09-Jul-2014
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव, पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी सहयोगी अमित शाह को बुधवार को पार्टी का अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। शाह के सहयोगियों को भरोसा है कि वह पार्टी को इससे बड़ी सफलता की तरफ ले जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शाह की पदोन्नति से भाजपा का विस्तार होगा और पार्टी मजबूत होगी। मोदी ने कहा, "अमित भाई ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत एक आम कार्यकर्ता के रूप में की और उन्होंने अपने अथक प्रयास और दृढ़ संकल्प से खुद को बार-बार साबित किया है।"शाह को यह जिम्मेदारी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी को शानदार जीत दिलाने के करीब दो महीने बाद दी गई है। गुजरात के पूर्व गृहमंत्री अमित शाह (49) ने राजनाथ सिंह का स्थान लिया है, जो फिलहाल केंद्रीय गृहमंत्री हैं।
राजनाथ ने पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद अमित शाह को अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने इस दौरान मीडिया से कहा, "अमित शाह नए अध्यक्ष बनाए गए हैं।"इसकी घोषणा के साथ ही अमित शाह को मोदी के अतिरिक्त राजनाथ, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी ने गुलदस्ता भेंट किया और बधाई दी। राजनाथ ने कहा कि अमित शाह को यह पद उनके 'संगठनात्मक और प्रबंधन कौशल' को देखते हुए दिया गया है, जो उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान देखा गया। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोकसभा की 80 में से 71 सीटों पर जीत हासिल की थी, जिसने इसके साथियों और विरोधियों सभी को हैरान कर दिया था। इसके अतिरिक्त राज्य की दो सीटें भाजपा सहयोगी अपना दल के खाते में गई थी। कांग्रेस को सिर्फ दो सीटों और समाजवादी पार्टी (सपा) को पांच सीटें हासिल हुईं, जबकि राज्य से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का खाता नहीं खुला।
इसके बाद से ही अमित शाह पार्टी के शीर्ष पद की दौड़ में सबसे आगे देखे जा रहे थे। 1997 में पहली बार गुजरात विधानसभा पहुंचे अमित शाह को क्रिकेट खेलने, पढ़ने और समाज सेवा करने का शौक है। साल दर साल अमित शाह गुजरात में मोदी के सबसे करीबी राजनीतिक सहयोगी साबित हुए हैं। मोदी को भाजपा के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उन्होंने अमित शाह को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाना तय किया था। प्रधानमंत्री ने अपने ट्विट में राजनाथ का भी आभार जताया है, उन्होंने कहा, "उनके बेहतरीन नेतृत्व में पार्टी सफलता के नए शिखर पर पहुंची। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आशीष और कार्यकर्ताओं की नि:स्वार्थ भावना से भाजपा का मजबूत और विकसित भारत बनाने का अभियान जारी रहेगा।"भाजपा के अन्य नेताओं ने भी शाह को बधाई दी। पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस से कहा, "वह बेहतरीन संगठक और काम को लेकर समर्पित इंसान हैं। उनकी पदोन्नति भाजपा के सामाजिक विस्तार और इसकी संगठनात्मक मजबूती में सहायक होगी।"पार्टी के उपाध्यक्ष बलबीर पुंज ने आईएएनएस से कहा, "वह प्रेरणादायी नेता और कड़ी मेहनत करने वाले इंसान हैं। वह सभी कार्यकर्ताओं को जानते हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाइयां छुएगी।"