5 Dariya News

फसल संरक्षण के लिए कीटनाशकों की कमी नहीं

5 दरिया न्यूज

नई दिल्‍ली 08-Jul-2014

कृषि और खाद्य प्रसंस्‍करण उद्योग राज्‍यमंत्री डॉ. संजीव कुमार बालयान ने आज लोकसभा में एक प्रश्‍न के लिखित उत्‍तर में बताया कि क्षेत्रीय सम्‍मेलनों के दौरान राज्‍य सरकारों द्वारा दी गई रिपोर्ट में यह बताया गया है कि कीटनाशकों की आपूर्ति में कोई कमी नहीं हुई है। कृषि और सहकारिता वि‍भाग की ओर से चुनिंदा जिले में राष्‍ट्रीय खाद्य सुरक्षा मि‍शन के अधीन पौधा संरक्षण से संबंधित रसायन और जैव पदार्थ के वितरण के लिए किसानों को 500 रुपये प्रति हैक्‍टेयर अथवा लागत का 50 प्रति‍शत हिस्‍सा, जो भी कम हो, प्रदान किया जाता है। राष्‍ट्रीय कृषि विकास योजना के अधीन विभिन्‍न घटकों के लिए राज्‍यों को धन आवंटित किया जाता है। इस योजना में कीटनाशकों के लिए किसी प्रकार की विशेष रियायत निर्धारित नहीं की गई है। वित्‍तीय सहायता प्रदान करने के लिए राज्‍यों द्वारा भारत सरकार/ राज्‍य सरकार की योजनाओं की लागत संबंधी मानदंड/ रियायत प्रणाली का अनुसरण किया जा सकता है।