5 Dariya News

हुड्डा ने प्रदेश में भाजपा के सभी सात सांसदों को चुनौती दी

कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वे गुजरात मॉडल को हरियाणा में लागू करने की मांग करें

5 दरिया न्यूज

चण्डीगढ़ 27-Jun-2014

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में भाजपा के सभी सात सांसदों को चुनौती दी है कि यदि उनमें हिम्मत है तो वे गुजरात मॉडल को हरियाणा में लागू करने की मांग करें।मुख्यमंत्री हुडडा आज हिसार में जिला कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि गुजरात का मॉडल हरियाणा में लागू हो जाए तो यहां के बुजुर्गां का सम्मान भत्ता एक हजार रुपये से घटकर 400 रुपये हो जाएगा और किसान को दस पैसे प्रति यूनिट की दर से मिल रही बिजली दो रुपये 70 पैसे हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की लडक़ी को पहली कक्षा से 225 रुपये तथा लडक़े को 150 रुपये वजीफा दिया जा रहा है। यह वजीफा शतप्रतिशत छात्र एवं छात्राओं को दिया जा रहा है, जबकि गुजरात में अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग के केवल पांच फीसदी छात्र-छात्राओं को महज 225 रुपये सालाना दिए जाते है। इसी प्रकार, हरियाणा में डीजल गुजरात से आठ रुपये सस्ता है वो भी उस सूरत में जब हरियाणा को डीजल गुजरात से ढोकर लाना पडता है।

 उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास को खुद देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी स्वीकार करते हैं, जिन्होंने यूपी की एक जनसभा में कहा था कि किसी प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय उस प्रदेश के विकास को दर्शाती है। ऐसे में हरियाणा स्वभाविक रूप से देश का पहला राज्य है, जहां की प्रति व्यक्ति आय गुजरात की 75 हजार रुपये के मुकाबले एक लाख 35 हजार रुपये है। श्री हुडडा ने कहा कि गत लोकसभा चुनावो में मतदाताओं ने भाजपा की नीति को नही बल्कि एक व्यक्ति के पक्ष में मतदान किया था। लोगों को उम्मीद थी कि मोदी सरकार बनते ही डीजल 40 रुपये और दूध 20 रुपये प्रति लीटर कम हो जाएगा लेकिन सरकार बनते ही सरकार ने डीजल के दाम में 50 पैसे प्रतिमाह बढ़ोतरी करने का किसान विरोधी फैसला लिया। इसी प्रकार, रेल भाड़े में अब तक की सबसे बड़ी एकमुश्त बढ़ोतरी का फैसला लेकर भाजपा ने यह साबित कर दिया कि यह पार्टी कभी किसान और गरीब वर्ग की पार्टी नहीं हो सकती। इसी प्रकार, सस्ती प्याज थाली में परोसकर देने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार ने प्याज के साथ साथ चीनी के दाम में भी बढ़ोतरी कर दी। 

श्री हुडडा ने कहा कि यह सरकार गैस के दाम में प्रतिमाह दस रुपये की बढ़ोतरी करने का फैसला भी ले चुकी है लेकिन आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत फिलहाल इसे टाल दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि केन्द्र सरकार आगामी बजट में गैस, तेल, खाद, कोयला जैसी चीजों पर भी सब्सिडी खत्म करने जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में किसानों के बिजली के बिल और बैंकों के कर्जे माफ करने जैसे जनहित के अनेक फैसले लिए है। पूरे देश में उन्ही के प्रयासों से फसली ऋण पर लगने वाला 12 प्रतिशत ब्याज घटकर 4 प्रतिशत हुआ है। उनकी सरकार ने खेती का कार्य करने के दौरान किसान या मजदूर की मृत्यु होने पर उसे 5 लाख रुपये तक का मुआवजा देने का प्रावधान किया है। दुधारू भैंस की मृत्यु होने पर 50 हजार तथा दुधारू गाय की मृत्यु होने 30 हजार रुपये तक का मुआवजा दिया जाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आज एसटी-38 फार्म को खत्म करने जैसे फैसले लेकर व्यापारियों के पक्ष में माहौल बनाया है। इसी प्रकार, किसी दुकानदार का आग इत्यादि की दुर्घटना में नुकसान होने पर भी 5 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाता है। गरीब लोगों के लिए गांवो में 2 लाख और शहरों डेढ लाख मकान बनवाए जा रहे है।

श्री हुडडा ने कहा कि पूर्व की इनेलो-भाजपा सरकार ने खून के रिश्तों में रजिस्ट्री कराने पर स्टांप डयुटी वसूलने का फैसला किया था, जिससे परिवारों में आपसी झगड़े बढ़े थे लेकिन वर्तमान सरकार ने इन झगड़ों को खत्म करने के लिए ऐसे आपसी रिश्तों में की जाने वाली रजिस्ट्री पर स्टांप डयुटी को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि बीपीएल सूची में सम्मिलित होने से छूट गए पात्र लोगों को सरकार की ओर से एक मौका और दिया गया है। ऐसे पात्र लोग 30 जून तक संबंधित जिला अधिकारी तक अपना आवेदन दे सकते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा  कि 5 जून से 28 जून तक प्रदेश में हो रहे कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बनाए जाने वाले दो लाख कार्यकर्ताओं को तीसरी बार कांगे्रस सरकार बनने पर राज में भागेदारी दी जाएगी। इतना ही नहीं सरकार की नीतियो के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की लगाम भी इन्हीं कार्यकर्ताओं के हाथों में होगी। 

श्री हुडडा ने कहा कि साल 2004 में जब उन्होंने सत्ता संभाली थी तो हरियाणा देश में चौदहवें स्थान पर था, जिसे आज वे नंबर एक पर लाए है। अब उनका सपना हरियाणा को पूरे विश्व में नंबर एक पर लाने का है। हिसार से अपने रिश्ते का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका परिवार हिसार के लुदास गांव में रहता है इसलिए हिसार जिलें से उनका खास लगाव है। हिसार के विकास कार्यो का उल्लेख करते हुए श्री हुडडा ने कहा कि पूर्व की इनेलो-भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिसार के विकास पर महज 792 करोड़ रुपये खर्च हुए थे जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यहां अब तक 4641 करोड रुपये से ज्यादा के विकास कार्य हुए है। इन विकास कार्यों के अलावा खेदड़ में 4500 करोड़ रुपये की लागत से थर्मल प्लांट भी स्थापित किया गया है तथा हिसार-रोहतक के बीच चारमार्गीय हाइवे तथा हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाईन का कार्य भी प्रगति पर है।

इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्रीमति सावित्री जिंदल ने कहा कि कांगे्रस सरकार सूचना, शिक्षा, व भोजन का अधिकार तथा लोकपाल देकर लोगों को सशक्त करने का काम किया है। हिसार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस जिले में ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए गए है, जिनमें आरओबी, बाईपास, हॉकी एस्ट्रोटर्फ, लाला लाजपतराय विश्वविद्यालय, सामुदायिक केंद्र तथा सीवेरेज व जलापूर्ति के अनेक प्रोजेक्ट शामिल हैं।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश में हो रहे सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए यह तय है कि प्रदेश में तीसरी बार भी कांग्रेस की सरकार ही बनेगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है, जिसके तहत अभी तक पौने दो लाख से ज्यादा लोगों ने अपना पंजीकरण करवाया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे एक जुट हों और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। डा0 तंवर ने कहा कि आगामी 5 जुलाई को सिरसा जिलें के कांलावाली हल्के से कांगे्रस की रैलियां भी आरंभ होगी ताकि पार्टी को और ज्यादा मजबूती मिल सके। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोगों का बरगलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन 4000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की हरियाणा को देने की बात भाजपा कह रही है, वे सभी प्रोजक्ट यूपीए सरकार ने मंजूर किए थे लेकिन भाजपा इस मसले पर भी जनता को गुमराह कर रही है। 

मुख्यमंत्री के राजनैतिक सहलाकार प्रोफेसर वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की जनता विपक्षी दलों के गठबंधन और ठगबंधन को भली-भांति समझ चुकी है। हरियाणा के हजकां-भाजपा के गठबंधन की रस्सा-कसी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि अब हजकां के नेता कह रहे है कि आगामी विधानसभा चुनावों में सीटों के बंटवारे को लेकर उनका भाजपा से लिखित में समझौता हुआ था। प्रोफेसर वीरेन्द्र ने कहा कि अगर समझौता लिखित में है तो गठबंधन टूटने से पहले हजकां हाईकोर्ट से स्टे क्यों नहीं ले आती। हरियाणा में मुख्यमंत्री बदलने के सन्दर्भ में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान लोगों को गुमराह करने वाली भाजपा यह बात कहकर एक बार फिर जनता को गुमराह करना चाहती है।कार्यकत्र्ता सम्मेलन में मुख्य संसदीय सचिव विनोद भयाना, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर कल्याण निगम के चेयरमैन रामनिवास घोड़ेला, हरियाणा माटी कला बोर्ड के चेयरमैन भूपेन्द्र गंगवा, प्रोफेसर सम्पत सिंह, विधायक नरेश सेलवाल, कान्फेड के चेयरमैन बजरंग दास गर्ग, नगर निगम मेयर शकुन्तला राजलीवाला, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सूरा,  पूर्व विधायक प्रोफेसर छत्रपाल, कुलबीर बेनीवाल, मनीराम कहरवाला, रामभगत शर्मा, कृष्णमूर्ति हुड्डा सहित धर्मबीर गोयत, पी.डी. चौधरी, बीर सिंह दलाल, वेदरावल, जे.पी. ज्याणी, सतेन्द्र सिंह, अनूप सिंह, वजीर पूनिया, प्रमोद सिवाच, कुलदीप चौधरी, भूपेन्द्र कासनिया, दलबीर, अनील गोदारा, शियाराम रावतखेड़ा, योगेन्द्र योगी, राहुल तायल, कुलदीप सोनी, संतराम प्रकाश ने भाग लिया।