कनाड़ा के उच्चायुक्त ने डॉ. जितेन्द्र सिंह से की मुलाकात
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 26-Jun-2014
कनाड़ा के उच्चायुक्त स्टीवर्ट बेक के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने आज प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, विज्ञान एवं तकनीक (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान (स्वतंत्र प्रभार), परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की और नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा बड़े स्तर पर शुरू की गयी गंगा एक्शन प्लान में कनाड़ा के सहयोग के पेशकश की। डॉ जितेन्द्र सिंह ने कनाड़ाई शिष्टमंडल की इस सद्भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि गंगा एक्शन प्लान हमारे लिए मात्र कोई नदी परियोजना नहीं है, बल्कि इससे लाखों-करोड़ों भारतीयों की आस्था जुड़ी है। उन्होंने कहा कि ‘स्वास्थ्य के लिए पानी’ क्षेत्र में भारत और कनाड़ा का संयुक्त प्रयास इसमें एक बहुमूल्य जुड़ाव होगा। इससे विभिन्न स्तरों पर भारत-कनाड़ा भागीदारी को और बढ़ावा मिलेगा। दोनों देशों के बीच सहयोग की व्यापक संभावना का जिक्र करते हुए डॉ सिंह ने कहा कि इस कार्य योजना में जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, पर्यावरण, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, नैनो टेक्नोलोजी विज्ञान, संचार और औद्योगिक शोध एवं विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच चल रही परियोजनाओं में तेजी लायी जाएगी। डॉ. सिंह ने बताया कि मलेरिया के खिलाफ प्रभावी औषधि के विकास के लिए आईसीजीईबी दिल्ली की एक परियोजना के तहत भारत और कनाड़ा ने दो संयुक्त अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट आवेदन दाखिल किये हैं। ड़ॉ. सिंह ने कहा कि भारत-कनाड़ा की विज्ञान और प्रौद्योगिकी साझेदारी के भविष्य के विकास की काफी संभावनाएं हैं। इसके लिए दोनों देशों को संयुक्त शोध और कर्मियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण होगा।