5 Dariya News

अपहर्ता गिरफ्तार, मुठभेड़ में हरियाणा पुलिस का एएसआई घायल

5 दरिया न्यूज

गौतमबुद्ध नगर 21-Jun-2014

हरियाणा से लड़की का अपहरण करने वाले अपहर्ता व हरियाणा क्राइम ब्रांच की टीम के बीच बीती रात यहां हुई मुठभेड़ में हरियाणा पुलिस का एएसआई गोली लगने से घायल हो गया। एसपी ग्रामीण डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि 16 जून को हरियाणा से एक किशोरी का अपहरण किया गया था। अपहर्ताओं ने 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। बीती रात रकम पहले परी चौक पर मंगाई गई फिर अपहर्ता ने जगह बदलते हुए एलजी गोलचक्कर पर रकम मंगाई। हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच पुलिस सादे भेष में एलजी चौराहे पर पहुंची और एएसआई बीपी सिंह को रकम देकर फिरौती की रकम वसूलने आये अपहर्ता की ओर भेजा गया। एएसआई ने जैसे ही अपहर्ता को पकड़ने की कोशिश की, उसने फायरिंग कर दी, जिससे एएसआई घायल हो गया। वहीं अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल अपहर्ता को घेरते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान त्रिलोक निवासी निवाली बागपत के रूप में हुई है। घायल एएसआई को कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इस सम्बन्ध में हरियाणा पुलिस की ओर से कासना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।