5 Dariya News

मुख्यमंत्री द्वारा तीन दिवसीय शूलिनी मेले का शुभारम्भ

5 दरिया न्यूज

शिमला 20-Jun-2014

मॉं शूलिनी में विश्वास और आस्था का प्रतीक राज्य स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेला आज पारम्परिक हर्षोल्लास के साथ सोलन में आरम्भ हुआ। तीन दिवसीय इस मेले के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग प्रसिद्ध शूलिनी मंदिर के प्रांगण में एकत्र हुए और इस शुभ अवसर पर शोभा यात्रा में भाग लिया।मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने मेले का शुभारम्भ किया और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल के साथ माता शूलिनी की पालकी का स्वागत किया। इससे पूर्व उन्होंने माता शूलिनी मंदिर में पूजा अर्चना की और शोभा यात्रा में भाग लिया। शोभा यात्रा मंदिर परिसर से होकर शहर के मुख्य बाजारों से गुजरी ताकि श्रद्धालु मॉं शूलिनी का आशार्वाद प्राप्त कर सकें।

मुख्यमंत्री ने तदोपरांत कोर्ट रोड़ पर स्थित बघाट शहरी सहकारी बैंक परिसर से मॉं शूलिनी की सुसज्जित पालकी पर पुष्प वर्षा की।इस तीन दिवसीय मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैडमिंटन, वॉलीबाल, कराटे, किक बॉक्सिंग, टेनिस, टेबल टेनिस, कुश्ती, फ्लावर शो और चित्रकला प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण हांगी। मुख्यमंत्री ने दुर्गा क्लब सोलन में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित टेनिस कोर्ट का लोकार्पण किया। उन्होंने परिधि गृह सोलन में जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को शीघ्रातिशीघ्र इनके निपटारे के निर्देश दिए।

इससे पूर्व सोलन पहुंचने पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, सोलन जिला कांग्रेस समिति के पदाधिकारियों और शहरवासियों द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।एपीएमसी अध्यक्ष श्री रमेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह, पर्यटन निदेशकमण्डल के सदस्य श्री सुरेन्द्र सेठी, खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री रमेश चौहान, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष श्री कुल राकेश पंत, राज्य कांग्रेस समिति के महासचिव श्री विनोद सुल्तानपुरी, राज्य कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य श्री संजय अवस्थी, जिला कांग्रेस समिति के महासचिव श्री अरविन्द गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक मेजर कृष्णा मोहिनी, उपायुक्त सोलन श्री मदन चौहान, पुलिस अधीक्षक डॉ. रमेश छाजटा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।