5 Dariya News

विधायक राजेन्द्र राणा केन्द्रीय रेल मंत्री पवन बंसल से मिले

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

चंडीगढ़ 02-Feb-2013

हिमाचल परदेश के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक राजेन्द्र राणा आज चंडीगढ़ में बसे काफी हिमाचलियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ केन्द्रीय रेल मंत्री पवन बंसल से मिले और उनके समक्ष हिमाचल प्रदेश में रेल विस्तार का मामला प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने प्रदेश में रेल विस्तार के साथ-साथ ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर टीहरा को रेल से जोडऩे की वकालत की। राजेन्द्र राणा ने केन्द्रीय रेल मंत्री को बताया कि पूरे देश में जहां रेल सेवाओं का विस्तार हुआ है, वहीं हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के साथ हमेशा अनदेखी होती आई है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हिमाचल प्रदेश में महज कुछ किलोमीटर क्षेत्र ही रेल सेवा से जुड़ पाया है जबकि इस प्रदेश में पर्यटकों की आमद में भारी बढ़ोतरी होने के अलावा प्रदेश की जनसंख्या भी बढ़ी है और हजारों की तादाद में हिमाचल वासी सेना के तीनों अंगों के अलावा देश के विभिन्न भागों में नौकरी करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न भागों को रेल सेवा से जोडऩा अति जरूरी है और इससे प्रदेश में उद्योगों व पर्यटन को भारी बढ़ावा मिलेगा। राजेन्द्र राणा ने हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर टीहरा को रेल सेवा से जोडऩे का मामला भी प्रभावी तरीके से रेलमंत्री के समक्ष उठाया। राजेन्द्र राणा ने रेलमंत्री को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से उनके ध्यान में यह भी लाया कि रानीताल से भी सुजानपुर तक रेल सेवा का विस्तार किया जा सकता है। राजेन्द्र राणा के मुताबिक केन्द्रीय रेलमंत्री पवन बंसल ने गंभीरता से उनकी बात को सुना और उनके नेतृत्व में गए सैंकड़ों हिमाचलियों के प्रतिनिधि मंडल को संबोधित करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि केन्द्र सरकार उनकी इस मांग पर सकारात्मक कदम उठायेगी।