9वीं,10वीं में शुरू होगी व्यवसायिक शिक्षा: बाली
ऊना में 100 करोड़ से खुलेगी आईआईटी
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 28-Jan-2013
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 9वीं एवं 10वीं कक्षा में शीघ्र्र ही व्यवसायिक शिक्षा आरम्भ की जा रही है और व्यवसायिक शिक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी पॉलीटेक्निक के द्वितीय वर्ष में सीधे प्रवेश पाने के पात्र होंगे। यह जानकारी परिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री जीएस बाली ने आज नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र की ग्राम पंचायत पठियार में होलीफेद वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के दृष्टिगत ऊना जिला में 100 करोड़ रूपये की लागत से आईआईटी स्थापित की जाएगी ताकि प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रूचि के अनुरूप तकनीकी शिक्षा में इंजिनियरिंग करने के अवसर प्राप्त हो सकें।उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के विस्तार से ही बढ़ती बेरोज़गारी की ज्वलंत समस्या से काफी हद तक समाधान हो सकता है, जिसके चलते प्रदेश सरकार द्वारा निजी उद्योगों की मांग के अनुरूप राज्य के तकनीकी संस्थानों में व्यवसायिक कोर्स आरम्भ किया जा रहे हैं ताकि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोज़गार के अवसर उपलब्ध हो सकें। बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षण संस्थानों में गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिये कृत्संकल्प है और सरकारी शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाएं वह कार्यशालाएं होती हैं, जिनमें बच्चों का बौद्घिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि अध्यापक बच्चों के भविष्य के निर्माता होते हैं और शिक्षकों को अपने दायित्व का नि:स्वार्थ एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए ताकि बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के उपरान्त राष्ट्र के एक सच्चे नागरिक बन सकें। परिवहन मंत्री ने होलीफेथ स्कूल की सराहना करते हुए कहा कि इस पाठशाला द्वारा सदैव अच्छा वार्षिक परिणाम देने में अहम भूमिका निभाई है तथा भविष्य में इस परम्परा को कायम रखने का आह्वान किया। उन्होंने सत्र के सफल आयोजन पर स्कूल प्रबन्धन समिति के सदस्यों को बधाई दी। इससे पहले उन्होंने विद्यालय के साईंस ब्लॉक का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीपक सूद ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया तथा मंत्री ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतू एच्छिक निधि से 5000 रूपये देने की घोषणा की। इसके अलावा महिला मण्डल भवन पठियार को तीन लाख तथा स्कूल के शौचालय के लिये 25 हजार रूपये की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कवाड़ी गांव की श्रीमती कैलाशा देवी को गौशाला के जल जाने पर पांच हजार रूपये की नकद आर्थिक सहायता मौके पर ही प्रदान की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव श्री अजय वर्मा, एसडीएम श्री अजीत भारद्वाज, मण्डल कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रताप चौधरी, महासचिव श्री मान सिंह, अध्यक्ष होलीफेद श्री ओसी सूद, उपाध्यक्ष पंचायत समिति श्री कुलदीप नारायण सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इसके उपरान्त मंत्री ने नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र के गांव सेराथाना तथा रजियाणा में भी लोगों की समस्याओं को सुना।