5 Dariya News

वनडे मैच के लिए धर्मशाला में भारत-इंग्लैंड की टीमें पहुंच गई

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

धर्मशाला 25-Jan-2013

वनडे मैच के लिए धर्मशाला में भारत-इंग्लैंड की टीमें पहुंच गई हैं। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एचपीसीए ने प्रयास तेज कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम धर्मशाला में रविवार को मात्र दो दिन के बाद अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच खेला जाएगा। इसके चलते एचपीसीए ने सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्पेशल 100 सफाई कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। मैच के दौरान व मैच से पहले धर्मशाला स्टेडियम व आस-पास की गंदगी को दूर किए जाने के लिए सफाई कर्मचारी पूरी तरह से जुट गए हैं। कर्मचारियों ने स्टेडियम को संवारने को पूरी तरह से दिन-रात एक कर दिया है। गौरतलब है कि पहली बार धर्मशाला स्टेडियम में वनडे मैच होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक मैच को खूबसूरत बनाए जाने के लिए एचपीसीए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। खेल नगरी धर्मशाला को 27 जनवरी को विश्वभर के देशों में टेलीविजन के माध्यम से देखा जाएगा। इसके साथ ही 25 जनवरी को भारत-इंग्लैंड की टीमें प्रैक्टिस करने के लिए एचपीसीए के धर्मशाला स्टेडियम में पहुंच जाएंगी। इसके चलते ही एचपीसीए द्वारा स्टेडियम को पूरी तरह से चमकाने का कार्य किया जा रहा है। बहरहाल, क्रिकेट स्टेडियम को चमकाने के लिए एचपीसीए ने स्पेशल सफाई कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। कर्मचारी धर्मशाला स्टेडियम की सफाई का कार्य जोरों से कर रह रहे हैं।