5 Dariya News

लैंटाना बूटी और कांग्रेस घास से मिलेगी निजात, वन विभाग ने तैयार किया प्रोजेक्ट: वन मंत्री

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

ऊना 25-Jan-2013

वन मत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा है कि वन संपदा को नुक्सान पहुंचाने वाली लैंटाना बूटी व कांग्रेस घास के सफाए के लिए प्रदेश वन विभाग ने एक प्रोजेक्ट तैयार किया है और नूरपुर वन मंडल को इसके लिए पायलट मंडल के रूप में चुना है। नूरपुर वनमंडल को इसके लिए शुरूआत में 25 लाख रूपए की राशि मुहैया करवाई गई है। यह रहस्योद्घाटन वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने आज यहां पत्रकार सम्मेलन में किया। वन मंत्री नाहन जाते हुए थोड़ी देर ऊना रूके थे। उनकी धर्मपत्नी भी उनके साथ थीं।वनमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बंदरों की समस्या को लेकर गंभीर है और किसानों को बंदरों के उत्पात से छुटकारा दिलाने के लिए सरकार ने एक कार्ययोजना तैयार की है जिसके तहत जंगलों में बंदरों के लिए जू बनाये जायेंगे । उन्होंने कहा कि जंगलों में बनाये जाने वाले इन चिड़ियाघरों में चारोंं तरफ ऊंची दीवार होगी और ऊपर जाली लगाई जायेंगी। बंदरों के लिए नसबंदी केन्द्र भी यहां खोले जायेंगे और नसबंदी के बाद बंदरों को इन चिड़ियाघरों में छोड़ा जायेगा। इन बंदरों को उनका प्राकृतिक आहार मुहैया करवाया जायेगा। इसके अलावा उनके लिए जंगली फलदार पौधे भी लगाए जायेंगे। वनमंत्री ने कहा कि पेड़ सड़कों का श्रृंगार होते हैं और प्रदेश में सड़कों के किनारे दोनों तरफ पेड़ लगाए जायेंगे ताकि पर्यावरण सरंक्षण होने के साथ-साथ सड़कों की खूबसूरती भी बढ़े। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का 67 प्रतिशत भूभाग वनों से आच्छादित है और प्रदेश सरकार इस प्राकृतिक व जैविक संपदा के सरंक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह जब 1982 में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, तो उन्होंने वन माफिया पर नकेल कसने के साथ-साथ प्रदेश में हरे पेड़ों के कटान पर पूर्ण पाबंदी लगाई थी और अब भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह प्रदेश की इस प्राकृतिक संपदा के संरक्षण व संवर्धन के लिए कटिबद्ध हैं। वनमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रयत्नशील है और कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को प्रदेश सरकार ने एक दस्तावेज का रूप प्रदान किया है जिसे अक्षरक्ष: अमलीजामा पहनाया जायेगा। इस अवसर पर धार्मिक शख्सियत बाबा सर्वजोत सिंह बेदी, नगर परिषद के उपाध्यक्ष बाबा अमरजोत ङ्क्षसह बेदी, कांग्रेस नेता संजीव सैणी, देवेन्द्र वत्स, राजेश पराशर, मजदूर नेता ओपी धीमान, एसडीएम नरेश ठाकुर, स्वां प्रोजेक्ट के उपनिदेशक आरके डोगरा, डीएफओ आरके कौशल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।