5 Dariya News

लाहौल के प्रतिनिधिमण्डल की मुख्यमंत्री से भेंट

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

शिमला 24-Jan-2013

लाहौल आलू उत्पादक सहकारी विपणन एवं विधायन समिति, मनाली, जिला कुल्लू के एक प्रतिनिधिमण्डल ने आज यहां लाहौल स्पीति के विधायक श्री रवि ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह से भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ समिति के अध्यक्ष छेतन फुन्चोग भी साथ थे। प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से वर्ष 2011-12 में आलू विपणन सीजन के दौरान शेष बचे आलू बीज को मण्डी मध्यस्थता योजना के अन्तर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2011-12 में सभा को अपने सदस्यों के द्वारा विपणन के लिए 120141 बोरियां आलू की प्राप्त हुई थी, जिसमें से 98634 बोरियां ए-ग्रेड व बी-ग्रेड की 16238 बोरियां विपणन के लिए शेष बची थी। सभा ने अपने स्तर पर उपरोक्त बीज आलू के विपणन का भरपूर प्रयास किया परन्तु आलू की मांग में जबरदस्त गिरावट के कारण आलू की मांग नही रही जिस कारण सभा कुल 21667 बोरियां बेचने में असमर्थ रही, जिससे किसानों को भारी वित्तीय हानि उठानी पड़ी। प्रतिनिधिमण्डल ने सभा के गरीब जनजातीय कृषकों के हित के दृष्टिगत मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि सभा के हित में मण्डी मध्यस्थता के अन्तर्गत ..... विशेष वित्तीय पैकेज के रूप में आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।