हरियाणा को खेल व शिक्षा का हब बनाने का सपना हुआ साकार: भूपेंद्र सिंह हुड्डा
बगैर किसी निर्धारित कार्यक्रम के सोनीपत साईं सैंटर में खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे मुख्यमंत्री
5 दरिया न्यूज
चंडीगढ़ 05-Jun-2014
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज बगैर किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चौहान जोशी गांव स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केन्द्र में खिलाडियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ३० व ३१ मई को इटली ओलम्पिक इंटरनेशनल टुर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीत कर लौटे योगेश्वर दत्त व सिल्वर मेडल जीत कर लौटे पहलवान सुशील कुमार को बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाडिय़ों के इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना भी की। उन्होंने साई में मौजूद खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए साई सैंटर के खिलाडिय़ों के लिए ३२ सीटर एसी मिनी बस अपने निजी कोटे से देने की घोषणा की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के लिए हरियाणा सरकार के खजाने खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैने प्रदेश में बच्चों व युवाओं के लिए शिक्षा व खेल का हब बनाने के लिए जो सपना दस साल पहले देखा था वह आज मेरा सामने साकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की खेल नीति के चलते हजारों खिलाडिय़ों को लाभ पहुंचा है और प्रदेश के खिलाड़ी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश सरकार की स्पैट की नीति के चलते गांव स्तर की खेल प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिला है। आज खिलाडिय़ों के पास सभी सुविधाएं मौजूद हैं।
प्रदर्शन के आधार पर हमारे प्रदेश में पदक लाओ पद पाओ जैसी पालिसी मौजूद है। हाल ही में प्रदेश में बड़े स्तर पर कोच की भर्ती हुई है और यह कोच गांव स्तर पर जाकर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को तराशने का काम करेंगे।इस दौरान उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण के चौहान जोशी सैंटर के खिलाडिय़ों के लिए अपने निजी कोटे से ३२ सीटर वातानुकूलित मिनी बस देने की घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें जिस भी चीज की कमी लगे उसे तुरंत मुझे बताएं। इस दौरान उन्होंने साईं सेंटर के सुशील कुमार-योगेश्वर दत्त हाल में ट्रैनिंग शिविर में प्रशिक्षण ले रहे प्रदेश के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों की कुश्ती भी देखी। इन खिलाडिय़ों में अमित कुमार व हरफूल, प्रदीप व रजनीश, कृष्ण व सुमित और कई अन्य खिलाड़ी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाडिय़ों से परिचय भी पूछा और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित भी किया। सेंटर के चीफ कोच एवं सभी प्रशिक्षकों ने मुख्यमंत्री को सम्मानस्वरूप शॉल भेंट की।