5 Dariya News

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने मुंडे के निधन पर शोक जताया

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 03-Jun-2014

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के आकस्मिक निधन पर वरिष्ठ राजनेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मंगलवार सुबह एक कार दुर्घना के कारण हृदय गति रुकने से मुंडे का निधन हो गया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा, "उनके (मुंडे) निधन से महाराष्ट्र और देश की जनता को भारी क्षति हुई है।"अपने मर्मस्पर्शी शोक संदेश में मुखर्जी ने कहा है, "उनके निधन से हमने एक ऐसा नेता खो दिया है जिसने हमेशा आम लोगों के लिए काम किया।"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अशोक रोड स्थि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय पर पहुंच कर मुंडे को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुंडे के परिवार के लोगों का ढाढस भी बंधाया।उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि मुंडे के निधन से उन्हें 'गहरा सदमा' लगा है।

अंसारी ने कहा है, "मुंडे महाराष्ट्र के अत्यंत प्रमुख नेताओं में से एक थे। उनका लंबा उज्ज्वल सार्वजनिक जीवन रहा जिसके दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी क्षमता से अपने राज्य और देश की सेवा की। उनके निधन से हमने एक समर्पित लोक सेवक खो दिया है जिसकी कमी सदा हर कोई महसूस करता रहेगा।"केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विट किया है, "मुंडे के निधन की जानकारी से बेहद आहत हुआ। वे एक जमीनी नेता थे जिन्हें गरीबों और किसानों के लिए चिंता करने वाले के रूप में जाना जाता था।"उन्होंने आगे कहा है, "मुंडेजी का निधन भाजपा के लिए अपूर्णीय क्षति है और महाराष्ट्र की राजनीति एवं सामाजिक जीवन में एक बड़ी रिक्ति पैदा हुई है।"विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है, "अपने साथी गोपीनाथ मुंडे के अचानक निधन के बारे में जानकर मैं बेहद आहत हूं। उनके परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदना।"महाराष्ट्र की राजनीतिक के महत्वपूर्ण चेहरों में से एक मुंडे (64) मंगलवार की सुबह अपनी मारुति सुजूकी एसएक्स 4 कार से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए निकले थे। सुबह करीब 6:20 बजे उनकी कार को एक टाटा इंडिका ने दक्षिणी दिल्ली के अरबिंद चौराहे पर टक्कर मार दी जिसमें उनकी मौत हो गई।मुंडे के शव को भाजपा नेताओं के दर्शनार्थ पार्टी मुख्यालय में रखा गया है जहां से उन्हें अंतिम संस्कार के लिए महाराष्ट्र ले जाया जाएगा।

मुंडे का अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी शोक संदेश भेजा है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा मुख्यालय जाकर मुंडे को श्रद्धांजलि दी। निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए उन्होंने मुंडे के परिवार के लोगों से शोक प्रकट किया।नर्मदा बचाओ आंदोलन और आम आदमी पार्टी की नेता मेधा पाटकर ने ट्विट में कहा है, "मुंडेजी का निधन आहत करने वाला है। महराष्ट्र ने एक ऐसा नेता खो दिया जो कामगारों, पिछड़ों और किसानों के मुद्दे के प्रति संवेदनशील था।"राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने भी मुंडे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र को बहुत बड़ा धक्का पहुंचा है। पवार ने कहा है कि मुंडे की देश के ग्रामीण हिस्सों की समस्या के बारे में ज्ञान ने ही उन्हें एक महान लोकसेवक बनाया।जनता दल युनाइटेड के नेता शरद यादव ने कहा, "वे मेरे पुराने मित्र थे, इस खबर से सदमा लगा। देश को उनसे बड़ी उम्मीद थी।"शिव सेना नेता संजय राउत ने कहा है कि मुंडे का निधन भाजपा के साथ ही साथ शिव सेना के लिए एक अपूर्णीय क्षति है।केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपाद येस्सो नायक ने कहा, "न केवल महराष्ट्र, बल्कि गोवा के लोग भी मुंडे के अचानक निधन की खबर से हत्प्रभ हैं।"