5 Dariya News

तेलंगाना के प्रथम मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने परेड की सलामी ली

5 दरिया न्यूज

हैदराबाद 02-Jun-2014

नवगठित तेलंगाना राज्य के पहले मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने यहां सोमवार को देश के 29वें राज्य के गठन पर राष्ट्रध्वज फहराया और एक रंगारंग परेड की सलामी ली। राव ने सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। यह एक ऐतिहासिक क्षण था। केसीआर ने मुख्य सरकारी समारोह में ध्वजारोहण किया। समारोह में उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं आमजन शामिल हुए। राज्य के गठन में मुख्य भूमिका निभाने वाले केसीआर ने विशाल परेड मैदान में एक खुले वाहन में सवार होकर भीड़ का अभिवादन किया। मैदान में लोगों की जय-जयकार गूंज रही थी, जिनमें से कुछ के हाथों में तिरंगा था। परेड में तेलंगाना राज्य के अलग-अलग हिस्सों से सिटी आर्म्ड रिजर्व, घुड़सवार पुलिस, विशेष सुरक्षा बल (एसपीएफ) और होम गार्ड सहित विभिन्न पुलिस बटालियनें शामिल हुईं।