चिन्मय तपोवन मानव सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है: बृज बिहारी लाल बुटेल
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 31-May-2014
चिन्मय तपोवन (कोर्ड) संस्थान मानव सेवा में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। संस्थान के प्रयासों से हजारों जरूरतमंद ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार प्राप्त हुआ है जिससे उनके जीवन में खुशहाली आई है। यह विचार विधान सभा अध्यक्ष श्री बीबीएल बुटेल ने आज चिन्मय तपोवन में संस्थान को भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यवसायिक शाखा धर्मशाला के सौजन्य से एक वाहन भेंट करते हुये व्यक्त किये।उन्होंने इस पूनीत कार्य के लिये भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह वाहन संस्था द्वारा अक्षम बच्चों के लिये चलाये जा रहे विभिन्न कार्यों के लिये उपयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा अक्षम बच्चों के लिये तपोवन में फिजियोथेरेपी सेंटर एवं उन्हें स्वयं के दैनिक कार्यों के लिये प्रेरित एवं प्रशिक्षित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संस्था से प्रेरणा लेकर मानव सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहिये। उन्होंने बताया कि चिन्मय संस्थान समाज के उपेक्षित वर्ग को मुख्य धारा से जोडऩे का भी प्रंशसनीय कार्य कर रही हैउन्होंने अपनी ऐच्छिक निधी से संस्थान के लिये 21 हजार रूपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका डॉ0 क्षमा मैत्रेय, स्टेट बैंक की क्षेत्रीय प्रबन्धक श्रीमती वनीता शौरी, वरिष्ठ प्रबन्धक श्री पुष्पेंद्र शर्मा व संजय कौल सहित संस्थान केे स्वयंसेवी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस अवसर पर संस्थान के स्वयंसेवियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।