5 Dariya News

दस करोड़ जनजातीय लोगों का विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकता

5 दरिया न्यूज

नई दिल्‍ली 27-May-2014

जनजातीय मामलों के मंत्री श्री जुएल ओरांव ने कहा कि दस करोड़ से अधिक जनजातीय आबादी का विकास करना तथा उन्‍हें तेजी के साथ मुख्‍य सामाजिक धारा में लाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्‍होंने कहा कि साथ-साथ जनजातीय संस्कृति को सुरक्षित रखने और बढ़ावा देने की भी जरूरत है।जनजातीय मामलों के मंत्रालय का पदभार संभालने के बाद श्री ओरांव ने कहा कि अल्‍पकालीक, मध्‍यकालीक तथा दीर्घकालीक नीतियां अपना कर जनजातीय लोगों को आधिकारिता और रोजगार प्रदान किया जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि समन्वित जनजातीय विकास एजेंसियों, माइक्रो परियोजनाओं और जनजातीय अनुसंधान संस्‍थानों को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा। 

उन्‍होंने कहा कि जनजातीय लोगों के लिए विकास परियोजनाएं तथा कार्यक्रम लागू करते समय सरकार का मुख्य जोर पर्यावरण तथा विकास के बीच संतुलन कायम करना होगा। श्री ओरांव ने कहा कि इस मंत्रालय में मंत्री के रूप में उनके पुराने अनुभव से जनजातीय लोगों की समस्‍याओं को समझने तथा उनकी आशाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा देकर और संरचनात्‍मक सुविधा प्रदान कर जनजातीय लोगों को आर्थिक दृष्टि से आत्‍मनिर्भर बनाया जा सकता है।श्री ओरांव अक्‍टूबर 1999 से मई 2004 तक श्री अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में जनजातीय मामलों के मंत्री थे।