इंडियन प्रीमियर लीग मैचों पर सट्टेबाजी खेलने के आरोप में 8 गिरफ्तार
5 दरिया न्यूज
गुड़गांव 29-May-2014
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों पर सट्टा खेलने के आरोप में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों में से पांच दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने इन आठ लोगों को बुधवार रात गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से दो एलईडी टीवी सेट, तीन लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन बरामद किए। संयुक्त आयुक्त विवेक शर्मा ने बताया, "पुलिस निरीक्षक यशवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने पांच लोगों को महरौली-गुड़गांव रोड पर स्थित सहारा ग्रेस अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। इनके नाम मुकुल, सुरेश, मनोज, राहुल और प्रिंस बताए गए हैं।"सभी दिल्ली के रहने वाले हैं। ये लोग किराए के फ्लैट से सट्टा रैकेट चला रहे थे। इसके अलावा तीन और लोगों अनिल कुमार, गुलशन और सोमनाथ को लाजपत नगर से गिरफ्तार किया गया। इनमें से कुछ लोगों को पुलिस पहले भी सट्टा खेलने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।