5 Dariya News

बी.एस.एन.एल. की लैंडलाइन सेवा पर खतरा

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

धर्मशाला 04-Jan-2013

बी.एस.एन.एल.की लैंडलाइन सेवा पर खतरा मंडरा रहा है। इसका कारण निगम की ओर से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मुहैया न करवा पाना माना जा रहा है। इसके चलते चालू वित्त वर्ष के बाद अब तक एक हजार से ज्यादा उपभोक्ता निगम से नाता तोड़ चुके हैं। वर्तमान में टेलिकाम जिला धर्मशाला के तहत कांगड़ा और चंबा में बीएसएनएल के 72 हजार लैंडलाइन उपभोक्ता शेष रहे हैं। इनमें 9774 ब्राडबैंड कनेक्शन हैं, लेकिन बेहतर सेवा न मिलने के चलते हर वर्ष हजारों उपभोक्ता निगम से मुंह मोड़ रहे हैं। बीते वर्षों के दौरान बीएसएनएल के लाखों उपभोक्ता रहे हैं। निगम के मुख्य प्रबंधक जेसी मनारिया का कहना है कि लैंडलाइन सेवा जहां अमेरिका व ब्रिटेन जैसे देशों में बंद नहीं हो पाई तो विकासशील देश भारत में कैसे बंद हो सकती है। उपभोक्ताओं के टूटने का कारण मोबाइल फोन का बढ़ता प्रचलन है। लैंडलाइन का मोबाइल से मुकाबला नहीं किया जा सकता। लैंडलाइन के जो नियमित उपभोक्ता हैं, वे नहीं टूट सकते। हालांकि, लैंडलाइन उपभोक्ताओं में कटौती देखने को मिल रही है। उसके लिए निगम महत्वपूर्ण पग उठाएगा। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों द्वारा लैंडलाइन कनेक्शनों की केबल चोरी कर ली जाती है। इससे कुछ संवेदनशील इलाकों में निगम ने केबल बिछाने से तौबा कर ली है। उन उपभोक्ताओं को निगम द्वारा बीएसएनएल सिम कनेक्शन दिए गए हैं।