राज्य सरकार ने कांगड़ा की रानीताल सुरंग को काटने का फैसला लिया
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
कांगड़ा 02-Jan-2013
राज्य सरकार ने कांगड़ा की रानीताल सुरंग को काटने का फैसला लिया है। स्टेट रोड प्रोजेक्ट के तहत इस सुरंग की पुन: डीपीआर तैयार करने का भी निर्णय लिया गया है। लिहाजा बड़े वाहनों व भारी मशीनों को कांगड़ा के तोरणद्वार पर ही रोकने वाली समेला-रानीताल सुरंग जल्द ही नए प्रारूप में दिखाई देगी। जानकारी के मुताबिक स्टेट रोड प्रोजेक्ट के तहत शुरू होने वाले इस कार्य को अंजाम देने के लिए अधिकारियों को सुरंग की डीपीआर तैयार करने के भी आदेश दिए गए हैं। ऐसे में नेशनल हाई-वे की भी इस पर विशेष नजरें टिकी हुई हैं। एनएच-88 कांगड़ा-रानीताल के समेला में मौजूद इस सदियों पुरानी सुरंग से जहां बड़े वाहन नहीं गुजर पाते थे, वहीं सुरंग के दोनों मुहानों पर ही इन वाहनों को रुकना पड़ता था, लेकिन सरकार की इस नई पहल के बाद उक्त सुरंग को न केवल काट कर बड़ा करने, बल्कि इसे निखारने की भी बात कही गई है। बताया जा रहा है कि करीब 20-30 मीटर लंबी इस सुरंग की लंबाई तो नहीं बढ़ाई जाएगी, लेकिन ऊंचाई में इस प्रोजेक्ट के तहत खासा इजाफा किया जाएगा। पहाड़ को काटकर इसे और ऊंचा करने की योजना को ध्यान में रखते हुए नेशनल हाई-वे के अधिकारियों ने भी इस मसले पर संबंधित प्रोजेक्ट के कर्मियों से रिपोर्ट मांगी है। एनएच-88 पर मौजूद इस सुरंग को हटाने व इसका विकल्प तैयार करने के लिए लंबे समय से राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर इसकी पैरवी की है। सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले पर अंतिम निर्णय एनएचएआई ने लेना है और सुरंग की डीपीआर को देख कर ही अथारिटी आगामी फैसला सुनाएगी।