नरेंद्र मोदी के शपथ-ग्रहण में सांगय को आमंत्रण से तिब्बती खुश
5 दरिया न्यूज
धर्मशाला 27-May-2014
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रधानमंत्री लोबसांग सांगय को आमंत्रित करने पर तिब्बती काफी रोमांचित हैं। मंगलवार को इंटरनेट पर तिब्बतियों ने इस पर खुशी जाहिर की। सांगय के फेसबुक मित्र और प्रशंसक त्सेरिंग दोरजी ने फेसबुक पर लिखा, "वाह, पहली बार भारत ने कुछ किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को धन्यवाद।"एक अन्य फेसबुक मित्र ने लिखा, "तिब्बत की निर्वासित सरकार को सम्मान देने के लिए मोदी जी और भाजपा का शुक्रिया।"सांगय के सहयोगी ने आईएएनएस को बताया कि लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेता और तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के राजनीतिक उत्तराधिकारी सांगय को शपथ ग्रहण समारोह में खास तौर से आमंत्रित किया गया था।दलाई लामा लगभग 1,00,000 निर्वासित तिब्बतियों के साथ भारत के हिमाचल प्रदेश में उत्तरी पहाड़ी क्षेत्र में रहते हैं।
सांगय के फेसबुक पेज पर लिखा गया, "आदरणीय सिकयोंग (राजनीतिक नेता) भाजपा के सम्मानित अतिथियों के रूप में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शरीक हुए।"तेनजिन गोंपो ने लिखा, "मैंने सिकयोंग को टीवी पर देखा। वह श्री लालकृष्ण आडवाणी के बिल्कुल पीछे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास बैठे थे। सिकयोंग भी सम्मानित अतिथि थे।"पेमा सेस्कटेन ने लिखा, "यह हमारे सिकयोंग और तिब्बत की निर्वासित सरकार का बड़ा सम्मान है। जय तिब्बत, जय भारत।"ताशी स्टोबग्यास ने लिखा, "तिब्बत के प्रति सम्मान जाहिर करने के लिए भारत का शुक्रिया।"सांगय ने अगस्त 2011 में तिब्बत की निर्वासित सरकार की बागडोर संभाली थी।