5 Dariya News

वीरभद्र सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में होगी

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

धर्मशाला 01-Jan-2013

वीरभद्र सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में होगी। पोर्ट फोलियो के आबंटन के बाद प्रस्तावित इस बैठक में धूमल सरकार के कई फैसले पलटने तथा प्रदेश को बड़ी सौगात मिलने की प्रबल संभावना है। आठ जनवरी से प्रस्तावित शीतकालीन सत्र का आगाज राज्यपाल उर्मिल सिंह के अभिभाषण से होगा। इसके लिए राज्यपाल सात जनवरी को धर्मशाला पहुंच जाएंगी। नई सरकार के इस पहले सत्र में नौकरशाहों का सैलाब भी धर्मशाला में उमड़ेगा। इसके अलावा तमाम नेता अपने दल-बल के साथ शीतकालीन सत्र के लिए धर्मशाला पहुंचेंगे। वीरभद्र सरकार का यह सत्र कई मायनों में महत्त्वपूर्ण रहेगा। इसमें बड़े स्तर पर प्रशासनिक तथा अन्य विभागों में फेरबदल का खाका बनेगा। भाजपा सरकार में हाशिए पर रहे कई अफसर व कर्मचारी अपनी पैरवी के लिए समर्थकों को लेकर धर्मशाला पहुंचेंगे। शपथ समारोह होने के कारण धर्मशाला में सैकड़ों समर्थक अपने विधायकों के साथ धर्मशाला आएंगे। आठ जनवरी को नई सरकार के शीतकालीन सत्र में सबसे पहले प्रो टाइम स्पीकर की नियुक्ति होगी। प्रो टाइम स्पीकर स्थायी विधानसभा अध्यक्ष की ताजपोशी करेगा। उसके बाद नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा में शपथ दिलाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल के गठन के तुरंत बाद कैबिनेट की विधानसभा सत्र आयोजित करने के लिए बैठक हो चुकी है। लिहाजा पोर्ट फोलियो के आबंटन के बाद यह पहली बैठक हो रही है। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस कैबिनेट में कई बड़े फैसले हो सकते हैं। उपायुक्त कांगड़ा केआर भारती का कहना है कि अभी तक मेहमानों के ठहराने के लिए होटल की व्यवस्था की जा रही है।