5 Dariya News

शाजिया इल्मी ने आम आदमी पार्टी छोड़ी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 24-May-2014

आम आदमी पार्टी (आप) नेता शाजिया इल्मी ने शनिवार को पार्टी में लोकतंत्र का अभाव होने की बात कहकर इस्तीफा दे दिया। इल्मी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "आप के अंदर आतंरिक लोकतंत्र की कमी है। पार्टी जो स्वराज की बात करती है, खुद इसे पार्टी के अंदर लागू करने में नाकाम रही है।"पार्टी पर उन्हें अधिकारहीन करने का आरोप लगाते हुए इल्मी ने कहा, "हम आप में कुछ दोस्तों की चल रही गुटबाजी के खिलाफ लड़ रहे हैं। कुछ लोग खुद फैसले ले लेते हैं और हमें बाद में बताते हैं।"उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने गाजियाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाए जाने को लेकर इस्तीफा नहीं दिया है, जहां से वह चुनाव हार गईं। शाजिया ने कहा कि पार्टी अपनी दिशा से भटक गई है और इसे आत्मविश्लेषण करने और आंदोलनों से परे हटकर सोचने की जरूरत है।भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से उपजी पार्टी आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "मैं जेल भरो राजनीति के लिए नहीं हूं। आप को एक नए अंदाज में फिर से शुरुआत करने की जरूरत है, आंदोलनों, प्रदर्शनों से हटकर सोचने की जरूरत है।"

केजरीवाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता नितिन गडकरी की ओर से दायर मानहानि के मुकदमे में निजी मुचलका भरने से इनकार करने के कारण 14 दिनों की न्यायिक हिरासत के तहत तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्होंने गडकरी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। आरोपों के कारण ही गडकरी को पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ा था।आप का कहना है कि केजरीवाल कोई अपराधी नहीं हैं, इसलिए उन्हें निजी मुचलका भरने की जरूरत नहीं है। उन्हें जेल भेजे जाने के निचली अदालत के आदेश को पार्टी उच्च न्यायालय में चुनौती देगी। पार्टी ने यह भी कहा है कि उसके पास गडकरी के खिलाफ ढेर सारे सबूत हैं। पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ेगी।