5 Dariya News

सरवण सिंह फिल्लौर ने नैतिक आधार पर त्याग पत्र सौंपा

मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकार करने के लिए राज्यपाल को भेजा

5 दरिया न्यूज

चंडीगढ़ 22-May-2014

पर्यटन एवं जेल मंत्री सरवण सिंह फिल्लौर ने आज सुबह मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को निजी तौर पर मिलकर गत् दिवस मीडिया के एक भाग में उनके परिवार के एक सदस्य विरूद्ध प्रकाशित रिपोर्टो के  मद्देनज़र नैतिक आधार पर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। यह जानकारी देते हुए आज यहां मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि फिल्लौर ने मुख्यमंत्री को विनती की कि राजनीति में नैतिक मूल्यों और मंत्री के पद की मर्यादा बहाल और बरकरार रखने के लिए उनका त्याग पत्र तुरंत स्वीकार किया जाये। अपने त्याग पत्र में स. फिल्लौर ने इन खबरों को आरंभ से ही बेबुनियाद, गुमराह कुन तथा झूठ पर आधारित करार दिया है। उन्होंने पुन: दोहराते हुए कहा कि वह और उनके परिवार में शिरोमणि अकाली दल द्वारा उंचे मूल्यों, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के दर्शाये मार्ग पर चलते हुए सामाजिक और राजनीतिक जीवन में इनपर हमेशा ही ज़ोरदार पहरा दिया है। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने स. फिल्लौर द्वारा सौंपे गये इस्तीफे को पंजाब के राज्यपाल श्री शिवराज वी पाटिल को भेजते हुए तुरंत स्वीकार करने की अपील की है।