5 Dariya News

वीरभद्र सिंह ने कहा है कि विजेता विधायक तय करेंगे कि प्रदेश में आगामी मुख्यमंत्री कौन होगा

५ दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

शिमला 21-Dec-2012

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने कहा है कि विजेता विधायक तय करेंगे कि प्रदेश में आगामी मुख्यमंत्री कौन होगा, हालांकि इसके लिए पार्टी आलाकमान अंतिम फैसला लेगी। उन्होंने सोनिया गांधी को करिश्माई नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने हिमाचल में शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह जीत वीरभद्र सिंह ने नहीं, प्रदेश के लोगों ने दिलाई है, जो हमेशा से कांग्रेस के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा उन पर ही चुनावों के दौरान निशाना साधना उसे महंगा पड़ा है। चुनाव मुद्दों पर लड़े जाते हैं, न कि व्यक्तिगत आक्षेप पर। उन्होंने भाजपा को व्यापारियों का दल बताते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि भाजपा प्रदेश में व्यापार करने ही आई थी, जिस पर लोगों ने अब विराम लगा दिया है। एक सवाल पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस के विजेता विधायकों की बैठक शिमला में होगी। इसे दिल्ली या चंडीगढ़ में नहीं किया जाएगा। भाजपा सरकार का वह ख्बाव औंधे मुंह गिरा है, जिसके तहत मिशन रिपीट के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में जो नेता उनकी खिलाफत करते रहे हैं, वे आदत से मजबूर हैं। इस बारे में वह ज्यादा टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने प्रदेश के लोगों का इस जीत के लिए आभार व्यक्त किया है।