रमेश धवाला चौका मारने के चक्कर में सियासत के इस में रन आउट
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 21-Dec-2012
ज्वालामुखी से भाजपा उम्मीदवार रमेश धवाला चौका मारने के चक्कर में सियासत के इस मैदान में रन आउट हो गए। कांग्रेस प्रत्याशी संजय रत्न ने धवाला को ४ हजार २५ मतों से हराया। ज्वालामुखी हलके से विजयी रहे कांग्रेसी उम्मीदवार संजय रत्न को कुल २४ हजार ९२९ वोट मिले। जबकि दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के रमेश धवाला को २० हजार ९०४ वोट मिले। ज्वालामुखी हलके से धवाला लगातार तीन बार जीत हासिल कर चुके हैं। लेकिन इस बार वह अपनी जीत कायम नहीं रख सके। यहां पर पांच प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे थे। तीसरे स्थान पर डा. मधु गुप्ता को मात्र ४१०, चौथे स्थान पर प्रकाश चंद को ३३० और मोहिंद्र सिंह को २५५ वोट ही मिले। हलके से संजय रत्न दो दफा आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन धवाला से हार गए थे। लेकिन तीसरे प्रयास में संजय रत्न भाजपा के दिग्गज नेता को हराने में कामयाब रहे। देखा जाए तो ज्वालामुखी हलके से रमेश धवाला को बड़ा झटका लगा है। क्योंकि वह काफी कशमकश के बाद पार्टी से ज्वालामुखी हलके से टिकट लेने में कामयाब रहे थे। लेकिन उनका यह दांव उलटा पड़ गया। कांग्रेस उम्मीदवार संजय रत्न का कहना है कि यह जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का नतीजा है। उन्होंने ज्वालामुखी हलके की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।