5 Dariya News

गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी आनंदीबेन पटेल

5 दरिया न्यूज

गांधीनगर 21-May-2014

गुजरात सरकार में वरिष्ठ मंत्री आनंदीबेन पटेल बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की बैठक में निर्विरोध नेता निर्वाचित कर ली गईं। इस तरह वह गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी और वह नरेंद्र मोदी का स्थान लेंगी। लोकसभा चुनाव में पार्टी को शानदार जीत मिलने के बाद मोदी सोमवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और इसके पहले बुधवार को उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।शिक्षक से राजनेता बनीं 73 वर्षीय पटेल ने मोदी द्वारा स्थापित की गई गौरवमय परंपरा को आगे ले जाने और राज्य के विकास के लिए कोई कसर न छोड़ने का वादा किया। अपने चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में अपनी नई भूमिका में पार्टी व जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी। नम आंखों से पटेल ने कहा, "मैं राज्य की जनता व पार्टी द्वारा मुझमें जताए गए भरोसे के साथ विश्वासघात नहीं करूंगी, गुजरात की उन्नति नहीं रुकेगी।"

मोदी के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए पटेल ने कहा कि उन्होंने राज्य में शानदार उन्नति सुनिश्चित की है। पटेल ने गुजरात की राजधानी के नजदीक और राष्ट्रीय राजधानी में बहने वाली नदियों के संदर्भ में कहा, "मोदी साबरमति नदी का किनारा छोड़ कर यमुना नदी के किनारे जा रहे हैं।"इससे पहले मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अमित शाह और राज्य व केंद्र के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा-जीएलपी की बैठक में पटेल को निर्विरोध नेता चुन लिया गया।पटेल राज्य की नई मुख्यमंत्री के रूप में गुरुवार को शपथ लेंगी।मोदी ने इस बीच कहा, "वह एक सख्त शिक्षक रही हैं। उस समय यह छात्र-छात्राओं के लिए ठीक था।"

उन्होंने कहा, "मैंने राज्य में 4,609 दिनों तक शासन किया और चार बार मुख्यमंत्री चुना गया। मुझे सेवा का अवसर देने के लिए मैं गुजरात की जनता के प्रति आभार प्रकट करता हूं। मैंने उनकी सेवा की और इस राज्य का सबसे लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री रहा। गुजरात विकास की नई ऊंचाई पर पहुंच गया है और यह भविष्य में जारी रहेगा। मैं अब पूर्व मुख्यमंत्री हो गया हूं।"पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने पटेल के निर्वाचन पर गांधीनगर, अहमदाबाद, वडोदरा, मेहसाना और अन्य जगहों पर आतिशबाजी की।