5 Dariya News

हिमाचल प्रदेश में स्थापित किए जाएंगे दो बागवानी उत्कृष्ट केन्द्र

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

शिमला 14-Dec-2012

बागवानी मंत्री श्री नरेन्द्र बरागटा ने कहा कि केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में बागवानी के दो उत्कृष्ट केन्द्र स्थापित करने की सैद्धान्तिक सहमति दी है। इनमें से एक केन्द्र निचले क्षेत्रों में और दूसरा प्रदेश के ऊपरी क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा ताकि प्रदेश के सभी फल उत्पादक व्यापक तौर पर लाभान्वित हो सकें। बागवानी गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक केन्द्र पर 5 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। बागवानी मंत्री ने आज नई दिल्ली में भारत सरकार के बागवानी आयुक्त डॉ. गोरख सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के पश्चात यह जानकारी दी।बरागटा ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के पश्चात केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को बागवानी तकनीकी मिशन के साथ बागवानी एवं कृषि उपकरणों सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए 20 करोड़ रुपये जारी करने पर भी सहमति व्यक्त की है। इससे राज्य में बागवानी गतिविधियों को व्यापक बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिकी भी और सुदृढ़ होगी।बागवानी मंत्री ने केन्द्र सरकार को जानकारी दी कि प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर राज्य के किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ बनाने के लिए अनेक पग उठाए हैं।