5 Dariya News

12वीं विधानसभा के लिए प्रदेश में 20 दिसंबर को 12 बजे नई सरकार बन जाएगी

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

शिमला 15-Dec-2012

12वीं विधानसभा के लिए प्रदेश में 20 दिसंबर को 12 बजे नई सरकार बन जाएगी। सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए चुनाव आयोग प्रदेश में नई सरकार की घोषणा कर देगा। मतों की गणना के लिए आयोग ने प्रदेश में 68 हाल बुक कर दिए है। यहां हाल 38 लोकेशन पर स्थापित किए गए हैं, जहां पर मतों की गणना की जाएगी। राजधानी शिमला में मतों की गणना को लाइव दिखाया जाएगा। लोगों ने आग्रह कर जिला निर्वाचन अधिकारी और आयुक्त शिमला सुभाशीष पांडा से मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मतों की गणना को लाइव दिखाने की अनुमति मांगी है। यह लाइव शिमला के ऐतिहासिक रिज पर निगम द्वारा लगाई गई बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। जहां पर लोग अधिक संख्या में जुट कर पहली बार प्रदेश विधानसभा चुनाव के मतों की गणना का सीधा प्रसारण देखे सकेंगे। इसके लिए काउंटिंग हाल को ऑनलाइन सुविधा से जोड़ा जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण लोग रिज पर और स्कैंडल प्वाइंट पर देख सकेंगे। जहां पर सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा स्क्रीन लगाई जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी नरेंद्र चौहान ने बताया कि 20 दिसंबर को प्रात: आठ बजे मतों की गणना का काम आरंभ कर दिया जाएगा। 20 दिसंबर को 12 बजे तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।