आप को दिल्ली में समर्थन नहीं : कांग्रेस
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 20-May-2014
कांग्रेस ने सभी अटकलों को विराम देते हुए मंगलवार को फिर दोहराया कि दिल्ली में सरकार गठन के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को समर्थन नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस का यह बयान तब सामने आया है, जब कथित रूप से कांग्रेस के तीन विधायकों ने अरविंद केजरीवाल नीत आप सरकार को बाहर से समर्थन देने की इच्छा जताई। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में आप के 27 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के विधायकों की संख्या आठ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने यहां कहा, "हम आप को किसी भी कीमत पर समर्थन नहीं देंगे। जब हमने उन्हें अवसर दिया, वे भाग गए।"लवली ने संवाददाताओं से कहा, "पार्टी में इसको लेकर सहमति है। यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निर्भर है कि वह सरकार बनाए।"इस बीच कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने ट्विट में लिखा, "किसी भी परिस्थिति में कांग्रेस दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आप को समर्थन नहीं देगी।"इससे पहले आप के कुछ विधायकों ने कांग्रेस के समर्थन पर सरकार बनाने की कथितरूप से इच्छा जाहिर की थी। आप ने हालांकि, आधिकारिक रूप से इससे इंकार किया है। दिल्ली में 14 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है, जिस दिन केजरीवाल ने विधानसभा में जनलोकपाल विधेयक पारित कराने में असफल रहने पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।