राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव–2026 के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
उपायुक्त किरण भड़ाना ने उप-समितियों की बैठक में दिए दिशा-निर्देश, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पर्यटक सुविधाओं पर विशेष जोर
5 Dariya News
केलांग 28-Jul-2026
राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव–2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में विभिन्न उप-समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की। बैठक में उत्सव के सफल संचालन के लिए गठित विभिन्न उप-समितियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि लाहौल-स्पीति की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागों एवं आयोजन समितियों से समन्वित रूप से कार्य करते हुए समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि यह आयोजन जिले के लिए एक यादगार उत्सव सिद्ध हो।
उन्होंने बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग, पर्यटकों एवं आमजन की सुविधाओं तथा विशिष्ट अतिथियों के स्वागत एवं आतिथ्य से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष बल देते हुए संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि उत्सव के दौरान आयोजित होने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजातीय लोकनृत्य, पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा स्थानीय व्यंजनों की विविधता प्रदेश एवं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
उन्होंने खेल समिति को निर्देश दिए कि उत्सव के साथ आयोजित की जाने वाली सभी खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुचारू एवं सफल ढंग से सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान विभिन्न उप-समितियों के सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों से संबंधित सुझाव एवं तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। उपायुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव–2026 का आयोजन सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं अविस्मरणीय बनाया जा सकेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी अश्वनी कुमार, उप पुलिस अधीक्षक रश्मि शर्मा, एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी कुमार, अधिशाषी अभियंता विद्युत बोर्ड सर्या शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अजय गुप्ता, तहसीलदार विकास कुमार, बीआरओ ओसी मेजर पारस कोचर, सीमा सड़क संगठन स्टिंगरी के ओसी आकाश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आयोजन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।