5 Dariya News

चंडीगढ़ में MY Bharat स्वयंसेवकों ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम पर प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद में लिया भाग

5 Dariya News

चंडीगढ़ 27-Jul-2026

चंडीगढ़ के लगभग 30 MY Bharat स्वयंसेवकों एवं युवा प्रतिभागियों ने आज उपायुक्त कार्यालय, चंडीगढ़ के समिति कक्ष से विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों के साथ आयोजित माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संवाद में भाग लिया। यह संवाद देशव्यापी कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसमें देश के 245 जिलों से 5,000 से अधिक MY Bharat स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती गांवों के विकास के लिए प्रतिभागियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे परिवर्तनकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए उन्हें नवाचार, सामुदायिक सेवा और विकासात्मक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में श्री अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस, अतिरिक्त उपायुक्त, चंडीगढ़; श्री शिवधन शर्मा, यू.टी. निदेशक, MY Bharat; श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, MY Bharat चंडीगढ़; तथा श्री मनदीप, जिला सूचना अधिकारी, चंडीगढ़ उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने युवाओं को सामुदायिक विकास एवं जनसेवा से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस संवाद ने प्रतिभागी स्वयंसेवकों को प्रेरित किया तथा युवा नेतृत्व, नागरिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के प्रति MY Bharat की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया। प्रधानमंत्री के "विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा" के आह्वान के तहत MY Bharat ने MY Bharat पोर्टल पर एक वर्चुअल प्रतिज्ञा (Virtual Pledge) भी शुरू की है, ताकि युवा एवं नागरिक नशा मुक्ति के राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सकें। नागरिक ऑनलाइन प्रतिज्ञा लेकर सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर ई-प्रमाणपत्र (e-Certificate) भी डाउनलोड कर सकते हैं।