विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाने का दिया भरोसा
5 Dariya News
डेराबस्सी 27-Jul-2026
नगर कौंसिल डेराबस्सी में सोमवार को श्री सुखमनी साहिब जी के पाठ के भोग उपरांत धार्मिक एवं सादगीपूर्ण समारोह के दौरान नगर कौंसिल के नवनियुक्त अध्यक्ष आशु उपनेजा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दविंदर सैनी ने विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की उपस्थिति में अपने पद संभाले।इस अवसर पर हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और आम आदमी पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रभजोत कौर ने दोनों पदाधिकारियों का मुंह मीठा करवाया, सिरोपे भेंट किए और उन्हें औपचारिक रूप से कुर्सी पर बिठाया।
समारोह के दौरान विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि जीरकपुर और लालड़ू के बाद अब डेराबस्सी में भी नगर कौंसिल की नई टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई है। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम एकजुट होकर लोगों की भलाई के लिए काम करेगी और शहर के विकास से संबंधित प्रत्येक व्यक्ति का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर कौंसिल के सभी एम.सी. और पदाधिकारी लोगों की सेवा के लिए हर समय तैयार हैं।
इस अवसर पर नगर कौंसिल की अध्यक्ष आशु उपनेजा ने कहा कि शहरवासियों और पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों को विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और लंबे समय से लंबित कार्यों, जैसे नए बस स्टैंड का निर्माण, गलियों-नालियों का निर्माण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष दविंदर सैनी ने भी भरोसा दिलाया कि वह विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के नेतृत्व में अध्यक्ष और पूरी टीम के साथ मिलकर पारदर्शी एवं जनहितैषी ढंग से काम करेंगे तथा हर वर्ग की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए प्रयासरत रहेंगे।समारोह में आम आदमी पार्टी के सभी कौंसलर, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न गांवों के सरपंच, जीरकपुर और लालड़ू नगर कौंसिलों के अध्यक्ष एवं कौंसलर, पार्टी के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।