5 Dariya News

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 2026 सफलतापूर्वक सम्पन्न

5 Dariya News

पंचकूला 27-Jul-2026

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (HOA) की वार्षिक आम सभा (Annual General Meeting) आज ओलंपिक भवन, सेक्टर-3, पंचकूला में एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महासचिव एवं हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

इसके अतिरिक्त एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुनील मलिक, नीरज तंवर, राकेश सिंह एवं अनिल खत्री, संयुक्त सचिव रविंद्र पन्नू एवं नरेंद्र सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रिया गौतम एवं रोहित पुंडीर सहित विभिन्न संबद्ध राज्य खेल संघों, जिला ओलंपिक संघों, सरकारी विभागों, संस्थानों एवं निगमों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। बैठक में हरियाणा कॉर्फबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं उचाना से विधायक श्री देवेंद्र अत्री की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल द्वारा "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए हरियाणा में खेलों के विकास, खिलाड़ियों के हितों की रक्षा तथा खेल प्रशासन में पारदर्शिता एवं सुशासन के प्रति एसोसिएशन की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक के प्रारंभ में दिवंगत खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों एवं खेल जगत से जुड़े अन्य सम्मानित व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। महासचिव श्री कृष्ण लाल पंवार ने पिछली वार्षिक आम सभा की कार्यवाही एवं उस पर की गई अनुपालन रिपोर्ट (Action Taken Report) सदन के समक्ष प्रस्तुत की। 

विस्तृत चर्चा के उपरांत सदन ने कार्यवाही की पुष्टि करते हुए उसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। बैठक में 27वें हरियाणा राज्य खेलों (प्रथम चरण) के सफल आयोजन की विस्तृत समीक्षा की गई। सदस्यों ने खेलों के सफल संचालन, खिलाड़ियों की व्यापक भागीदारी, मेरिट प्रमाण-पत्रों के वितरण तथा हरियाणा राज्य खेलों को हरियाणा खेल ग्रेडेशन नीति में शामिल किए जाने का स्वागत किया। 

आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, जिला प्रशासन, तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना की गई। महासचिव श्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने राज्य में खेलों के आयोजन के लिए आधुनिक एवं पारदर्शी व्यवस्था विकसित की है, जिससे खिलाड़ियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी एसोसिएशन खेलों के स्तर को और अधिक ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। सदन ने प्रथम चरण के आयोजन पर हुए व्यय का परीक्षण करते हुए उसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। साथ ही 27वें हरियाणा राज्य खेलों की कॉफी टेबल बुक एवं पोस्ट गेम्स रिपोर्ट के प्रकाशन का स्वागत किया। 

यह निर्णय लिया गया कि इनकी प्रथम प्रति माननीय मुख्यमंत्री, हरियाणा को भेंट कर उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। बैठक में HSIIDC, विभिन्न CSR साझेदारों, सरकारी विभागों तथा सहयोगी संस्थाओं के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। साथ ही उन स्वयंसेवकों, तकनीकी अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं अन्य व्यक्तियों को भी सम्मानपूर्वक धन्यवाद ज्ञापित किया गया जिन्होंने निःस्वार्थ भाव से एसोसिएशन एवं राज्य खेलों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कोषाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत वार्षिक लेखे एवं ऑडिट रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा के उपरांत सदन ने उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृत किया। बैठक में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई तथा खिलाड़ियों की तैयारी, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, चयन प्रक्रिया और प्रदर्शन में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।

सदन ने 28वें हरियाणा राज्य खेलों के आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा पर भी विचार किया। प्रस्तावित खेल विधाओं, संभावित स्थलों, आयोजन कैलेंडर, संचालन व्यवस्था तथा बजट संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए कार्यकारिणी को आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करने के लिए अधिकृत किया गया। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं राष्ट्रीय खेलों में भागीदारी से पूर्व चयन ट्रायल, कोचिंग कैंप एवं प्रशिक्षण शिविरों के संचालन हेतु मानक दिशानिर्देशों को स्वीकृति प्रदान की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि खिलाड़ियों के सभी आवश्यक दस्तावेज पंजीकरण के समय सत्यापित किए जाएंगे तथा चयन ट्रायल यथासंभव विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे और प्रतियोगिताओं से लगभग 20–25 दिन पूर्व सम्पन्न कराए जाएंगे।

बैठक में एसोसिएशन के सुशासन एवं प्रभावी कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एथलीट आयोग, एथिक्स आयोग, महिला खेल आयोग, मेडिकल एवं स्पोर्ट्स साइंस आयोग, विधिक मामलों की समिति, वित्त समिति, विपणन समिति सहित विभिन्न आयोगों एवं समितियों के गठन का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त संबद्ध राज्य खेल संघों की सदस्यता शुल्क, नए खेल संघों की मान्यता, संबद्ध संघों के अनुपालन की समीक्षा तथा गैर-अनुपालन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कार्यकारिणी को अधिकृत किया गया। 

सभी संबद्ध खेल संघों को अपने अद्यतन पदाधिकारियों की सूची समय-समय पर एसोसिएशन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान महासचिव श्री कृष्ण लाल पंवार द्वारा हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। 

उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट खिलाड़ियों, खेल संघों एवं आमजन के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगी, जिससे एसोसिएशन की गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, अधिसूचनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों तक सरल एवं पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित होगी। अंत में जिला विकास योजना (D-Plan) सहित अन्य विकास परियोजनाओं एवं खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। 

अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल तथा महासचिव श्री कृष्ण लाल पंवार ने सभी सदस्यों का सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन भविष्य में भी खिलाड़ियों के हितों की रक्षा, खेल संस्कृति के विस्तार तथा हरियाणा को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।