5 Dariya News

लुधियाना में बनाई जाएगी फूलों की विश्व स्तरीय मंडी: हरचंद सिंह बरसट

फूलों की खेती करने वाले किसानों को मंडी में मिलेंगी अति-आधुनिक सुविधाएं

5 Dariya News

एस.ए.एस. नगर (मोहाली) 27-Jul-2026

पंजाब में फूलों की खेती को प्रफुल्लित करने और किसानों की आमदनी में वृद्धि करने के लिए पंजाब सरकार और पंजाब मंडी बोर्ड द्वारा एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पंजाब के लुधियाना में फूलों की विश्व स्तरीय मंडी स्थापित की जाएगी। 

इस हाई-टेक मंडी में फूलों की खेती करने वाले किसानों को अति-आधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मुहैया करवाई जाएंगी। इस मंडी के बनने से राज्य के अन्य किसानों को भी फूलों की खेती अपनाने के लिए बढ़ावा और उत्साह मिलेगा।

यह विचार पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट की ओर से आज फूलों की खेती करने वाले किसानों के साथ हुई विशेष मुलाकात के दौरान व्यक्त किये गये। पीएयू फ्लावर ग्रोअर्स क्लब, पंजाब के प्रतिनिधियों ने मंडी बोर्ड के मुख्य दफ्तर में स. बरसट से मुलाकात की। 

इस दौरान क्लब के प्रतिनिधियों ने फूलों की खेती के दौरान पेश आने वाली विभिन्न समस्याओं, मार्केटिंग की कमी और कोल्ड स्टोरेज जैसी मुख्य जरूरतों के बारे में चेयरमैन स. बरसट को अवगत करवाया। पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने किसानों की सभी समस्याओं और मांगों को पूरी गंभीरता, हमदर्दी और बारीकी से सुना। 

उन्होंने किसानों को पूर्ण भरोसा दिलाया कि उनकी सभी जायज समस्याओं का जल्द से जल्द और पहल के आधार पर निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान हमेशा किसानों के साथ खड़े हैं और किसानों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

मीटिंग को संबोधित करते हुए चेयरमैन ने कहा कि आज के समय में फूलों की खेती किसानों की आर्थिक तरक्की और खुशहाली का बहुत ही बढ़िया और लाभदायक साधन है। अन्य किसानों को भी इस तरफ प्रोत्साहित करने के लिये लुधियाना में अति-आधुनिक मंडी बनाने की योजना तैयार की जा रही है। 

उन्होंने इस खेती के फायदे गिनाते हुए कहा कि फूलों की खेती से जहां आसपास का वातावरण सुंदर बनता है और हवा शुद्ध होती है, वहीं जमीन की उपजाऊ शक्ति भी बढ़ती है। इसके अलावा इस क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक मौके पैदा होते हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।

किसानों को राष्ट्रीय स्तर की मंडियों से जोड़ने के लिए स. हरचंद सिंह बरसट ने मौके पर ही मौजूद बोर्ड के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फूलों की खेती करने वाले किसानों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि इस रजिस्ट्रेशन से डाटा तैयार होगा, जिससे नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर पंजाब के फूलों की मार्केटिंग करने के प्रयासों को और तेजी मिलेगी। 

इस मौके पीएयू फ्लावर ग्रोअर्स क्लब के प्रतिनिधियों ने पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट का विशेष तौर पर धन्यवाद किया। मीटिंग में पंजाब मंडी बोर्ड के संयुक्त सचिव स. हरजीत सिंह संधू सहित समूह डी.जी.एम. और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।