गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान पर भाजपा चंडीगढ़ की राज्य स्तरीय कार्यशाला
5 Dariya News
चंडीगढ़ 25-Jul-2026
भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा ‘श्री गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेश कार्यालय कमलम में एक महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के समता, सामाजिक समरसता, सेवा और मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा अभियान को संगठन के माध्यम से प्रभावी रूप से जन-जन तक ले जाना रहा।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, उपस्थित रहे। उन्होंने संत रविदास जी के संघर्षपूर्ण जीवन, तत्कालीन समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों एवं भेदभाव के विरुद्ध उनके विचारों तथा उनकी वाणी के माध्यम से दिए गए समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने, भेदभाव मिटाने और समरस भारत के निर्माण की प्रेरणा देती हैं। इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संतों, महापुरुषों और राष्ट्रनिर्माताओं के विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के मूल्यों को मजबूत किया जा रहा है। ‘श्री गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान’ इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपनी वाणी के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। भाजपा का प्रयास है कि उनके आदर्शों को केवल स्मरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए और उनके संदेश को जनआंदोलन का रूप दिया जाए।
कार्यशाला में प्रदेश टोली के सदस्य रामवीर भट्टी, अमित खैरवाल, राजपाल डोगर, सुनील बागड़ी एवं सिमरन सहित भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन पर अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा संत रविदास जी के समता, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।