शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब सरकार की पहल से विद्यार्थियों का भविष्य होगा और मजबूत : ब्रम शंकर जिम्पा
विधायक ने स्कूल ऑफ़ एमिनेंस ख्वास पुरहीरा में विद्यार्थियों को वितरित किए स्कूल बैग
5 Dariya News
होशियारपुर 25-Jul-2026
पंजाब सरकार के शिक्षा क्रांति अभियान को निरंतर गति देते हुए विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने आज स्कूल ऑफ़ एमिनेंस, ख्वास पुरहीरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक जिम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्कूल, बेहतर बुनियादी ढांचा, स्मार्ट कक्षाएं और विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाकर सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि स्कूल बैग वितरण जैसी पहल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक सफर को भी आसान बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाते हुए मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता, स्कूल और जिले का नाम रोशन करें।
जिम्पा ने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अध्यापकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस अवसर पर पार्षद सुरिंदर कुमार, कुलविंदर सिंह हुंदल, कमलजीत सोनू, जसवंत काला, लायन रणजीत सिंह राणा, स्कूल के प्रिंसिपल, अध्यापकगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।