सीवरेज, पानी और बिजली संकट से जूझ रहे ऋद्धि टावर खरड़ के निवासी, भाजपा नेता विनीत जोशी ने किया दौरा
10 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे ऋद्धि टावर खरड़ के निवासी, प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग
5 Dariya News
खरड़ 23-Jul-2026
खरड़ के लांडरा रोड स्थित शिवालिक सिटी के गेट नंबर-6 के सामने स्थित स्वामी सर्वहितकारी ऋद्धि टावर के निवासी पिछले लगभग 10 वर्षों से सीवरेज, पेयजल एवं बिजली ट्रांसफॉर्मर जैसी मूलभूत सुविधाओं की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। बार-बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद आज तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है, यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी का ।
रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के सदस्यों द्वारा संपर्क कीये जाने पर जोशी मोके पर गए और देखा कि सोसाइटी में सीवरेज व्यवस्था अत्यंत खराब स्थिति में है, जिसके कारण गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप तथा स्वास्थ्य संबंधी जोखिम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अतिरिक्त, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता भी लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई है।
वहीं, बिजली ट्रांसफॉर्मर की अपर्याप्त क्षमता एवं तकनीकी समस्याओं के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होती रहती है, जिससे विशेष रूप से गर्मी के मौसम में निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कालिया, उपाध्यक्ष संजीव शर्मा और सदस्य गौरव दत्ता, प्रदीप कुमार, कुलविंदर, बसंत कश्यप, रवि, डॉ. विनोद सोनी सहित अन्य निवासी की समस्याओं को गंभीरता से सुन उन्हें आश्वस्त किया कि वे इन मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।