मुख्यमंत्री रसोई योजना के तहत विधायक कुलवंत सिंह ने मटौर में 900 महिलाओं को वितरित की रसोई किटें
भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार जनता की सरकार: कुलवंत सिंह
5 Dariya News
साहिबजादा अजीत सिंह नगर 22-Jul-2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास और संतुष्टि ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रमों के दौरान उमड़ रही भारी भीड़ से स्पष्ट रूप से झलकती है। यह बात विधायक कुलवंत सिंह ने आज मटौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने जिन उम्मीदों और विश्वास के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, सरकार उन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के साथ-साथ पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए भी नए प्रयास किए जा रहे हैं।विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि पंजाब में अब तक करीब 70 हजार बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकारी नौकरियों की संख्या करीब 80 हजार तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से 600 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा मिलने के कारण पंजाब के परिवारों को हर महीने लगभग 4 से 5 हजार रुपये तक का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा बिना किसी भेदभाव के प्रदान की जा रही है। इसके अलावा, राज्य भर में चल रहे मुफ्त मोहल्ला क्लीनिक लोगों को चिकित्सकीय जांच, आवश्यक टेस्ट और दवाइयों की सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध करवा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने मुख्यमंत्री रसोई योजना के तहत मटौर में 900 महिलाओं को रसोई किटें वितरित कीं। प्रत्येक किट में चीनी, दाल, खाना पकाने का तेल, हल्दी और नमक सहित रसोई में दैनिक उपयोग में आने वाली आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।विधायक ने कहा कि यह पहल आम आदमी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र का हिस्सा नहीं है, बल्कि लोगों से प्राप्त धन को लोगों के कल्याण के लिए ही खर्च करने की सरकार की नीति का हिस्सा है।
उन्होंने मटौर निवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों ने हमेशा उन्हें प्यार और सम्मान दिया है, जिसे वह कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि मटौर निवासियों ने आम आदमी पार्टी के चार उम्मीदवारों—गुरप्रीत कौर, कुलविंदर कौर, हरपाल सिंह चन्ना और गुरजीत सिंह—को पार्षद चुनकर मोहाली नगर निगम के सदन में भेजा है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी द्वारा ट्रेड विंग के अध्यक्ष के रूप में तरलोचन सिंह मटौर, मुस्लिम सेल के चेयरमैन के रूप में सौदागर खान और मुस्लिम बोर्ड के चेयरमैन के रूप में मटौर निवासी मनजीत सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह समाना, वरिष्ठ डिप्टी मेयर राजिंदर प्रसाद शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना, करमजीत कौर, पार्षद गुरप्रीत कौर, जसपाल सिंह मटौर, तरलोचन सिंह मटौर, डी.एफ.एस.ओ. फूड सप्लाई सिकंदरजीत सिंह, बलजीत सिंह हैप्पी, प्रगट सिंह और नरेंद्र पाल सिंह धालीवाल भी उपस्थित थे।